Sunday, 14 June 2026

जयपुर को मॉडल सिटी बनाने की तैयारी, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर मिशन मोड में काम करने के निर्देश


जयपुर को मॉडल सिटी बनाने की तैयारी, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर मिशन मोड में काम करने के निर्देश

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजधानी जयपुर के सुव्यवस्थित विकास, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जयपुर को देश के अग्रणी और मॉडल शहरों की श्रेणी में स्थापित करने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वित कार्ययोजना के साथ कार्य करें।

रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने जयपुर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कचरा संग्रहण, परिवहन और वैज्ञानिक निस्तारण की मजबूत व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही खुले में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा स्वच्छता व्यवस्था को अनुशासित बनाने पर बल दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भी साझा जिम्मेदारी है। इसके लिए जनभागीदारी बढ़ाने, जागरूकता अभियान चलाने तथा सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और भामाशाहों को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए। उन्होंने आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर जोर देते हुए मशीनीकृत सफाई व्यवस्था को बढ़ावा देने और मैनुअल सफाई पर निर्भरता कम करने की आवश्यकता बताई।

मानसून सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालों की सफाई समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए तथा जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों की विशेष निगरानी रखी जाए। जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने और मानसून के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने राजधानी में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध कराने और कचरा निस्तारण प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जयपुर राजस्थान की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन पहचान का प्रमुख केंद्र है, इसलिए पर्यटन स्थलों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाया जाना चाहिए।

जयपुर के सौंदर्यीकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने शहर की एक प्रमुख सड़क को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में ‘मॉडल रोड’ विकसित करने के निर्देश दिए। इस सड़क पर स्वच्छता, हरियाली, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पैदल यात्री सुविधाओं और अन्य नागरिक सुविधाओं के उच्च मानक विकसित किए जाएंगे। परियोजना की सफलता के बाद इसे अन्य प्रमुख मार्गों पर भी लागू किया जाएगा।

बैठक के दौरान जयपुर विकास प्राधिकरण, राजस्थान आवासन मंडल और नगर निगम द्वारा राजधानी में चल रहे विकास कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय, शहरी विकास विभाग, राजस्थान आवासन मंडल, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम और जिला प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts