Sunday, 14 June 2026

स्थानीय मुद्दों पर घिरे ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, बिजली-पानी और रेल लाइन के सवालों पर नहीं दे पाए संतोषजनक जवाब


स्थानीय मुद्दों पर घिरे ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, बिजली-पानी और रेल लाइन के सवालों पर नहीं दे पाए संतोषजनक जवाब

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

टोंक जिला परिषद सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान राज्य के ऊर्जा मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री हीरालाल नागर स्थानीय मुद्दों से जुड़े सवालों पर घिरते नजर आए। प्रेस कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को सामने रखना था, लेकिन पत्रकारों ने जब टोंक जिले की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर सवाल पूछे तो मंत्री संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

पत्रकारों ने टोंक जिले में पिछले ढाई वर्षों की उपलब्धियों, बिजली कटौती, पेयजल संकट, सड़कों की बदहाल स्थिति तथा लंबे समय से लंबित टोंक रेल लाइन परियोजना को लेकर सवाल किए। इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने राज्य में रेलवे लाइनों के दोहरीकरण और अन्य परियोजनाओं का उल्लेख तो किया, लेकिन टोंक को रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। स्थानीय समस्याओं को लेकर पूछे गए कई सवालों पर भी उन्होंने कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं दी।

जब लगातार स्थानीय मुद्दों पर सवाल पूछे गए तो मंत्री हीरालाल नागर ने हाथ जोड़ते हुए कहा कि यह प्रेस वार्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों के संबंध में आयोजित की गई है। इसके बाद उन्होंने चर्चा को राष्ट्रीय उपलब्धियों की ओर मोड़ दिया और प्रेस वार्ता समाप्त करने के लिए खड़े हो गए।

इससे पहले उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को विकास, सुशासन और जनकल्याण का कालखंड बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है और भारत आज वैश्विक स्तर पर एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभरा है।

ऊर्जा मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, हर घर जल योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, जन औषधि केंद्र, जनधन योजना, मुद्रा योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में देश में आधारभूत संरचना, डिजिटल लेनदेन, स्टार्टअप, स्वास्थ्य, कृषि और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

उन्होंने कहा कि देश में राष्ट्रीय राजमार्गों का तेजी से विस्तार हुआ है, वंदे भारत ट्रेनों का संचालन बढ़ा है, मेट्रो नेटवर्क का विस्तार हुआ है तथा नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भारत विश्व के अग्रणी देशों में शामिल हुआ है। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, रक्षा निर्यात में वृद्धि और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को भी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल बताया।

राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए हीरालाल नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान कई क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। उन्होंने टोंक सहित पूरे प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

प्रेस वार्ता में देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर, निवाई-पीपलू विधायक रामसहाय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।

Previous
Next

Related Posts