



यज्ञ सम्राट प्रखर जी महाराज सोमवार, 15 जून 2026 को सनातन धर्म सभा में भाग लेने के लिए अहमदाबाद से अजमेर पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 3:35 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां सनातन धर्म रक्षा संघ अजय मेरु राजस्थान की ओर से उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे जुलूस के रूप में वैशाली नगर स्थित तपस्वी भवन के लिए रवाना होंगे।
तपस्वी भवन पहुंचने पर सनातनी महिलाओं द्वारा राजस्थानी परंपरा के अनुसार मंगल गीतों के साथ उनका स्वागत किया जाएगा। शाम 6:30 बजे सनातन धर्म सभा का शुभारंभ होगा, जिसमें देशभर से आए संत-महात्मा और धर्माचार्य भाग लेंगे। सभा में अखिल भारतीय संत समिति के सचिव महंत सेवानंद गिरि, नरसिंह मंदिर होली धड़ा के महंत श्याम सुंदर शरण देवाचार्य, साध्वी अनादि सरस्वती, कृष्ण कृपा धाम के रामकृष्ण महाराज सहित अनेक संत उपस्थित रहेंगे।
सनातन धर्म रक्षा संघ अजय मेरु राजस्थान के अध्यक्ष एवं पूर्व न्यायाधीश शर्मा ने बताया कि सभा में सनातन धर्म की रक्षा, साधु-संतों की सुरक्षा, मंदिरों और मठों की संपत्तियों के संरक्षण तथा गौहत्या रोकने के लिए प्रभावी कानून बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इस विशेष सभा में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उपस्थित सभी संतों को अपने विचार रखने का अवसर दिया जाएगा। चर्चा के उपरांत यज्ञ सम्राट प्रखर जी महाराज का मार्गदर्शक उद्बोधन होगा। सभा में लिए गए सर्वसम्मत निर्णयों को सनातन धर्म रक्षा संघ द्वारा ज्ञापन के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
प्रखर जी महाराज के किशनगढ़ एयरपोर्ट से तपस्वी भवन तक स्वागत जुलूस की व्यवस्था की जिम्मेदारी डॉ. कुलदीप शर्मा, एडवोकेट रघु पारीक, देवेंद्र त्रिपाठी, बृजेश गौड़, तरुण वर्मा और राजकुमार चौरसिया को सौंपी गई है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और सनातन धर्म से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है।