Sunday, 14 June 2026

एसीबी ने बेंगलुरु पुलिस की महिला एसआई सहित तीन पुलिसकर्मी 40 हजार की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार


एसीबी ने बेंगलुरु पुलिस की महिला एसआई सहित तीन पुलिसकर्मी 40 हजार की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु पुलिस के तीन पुलिसकर्मियों को रिश्वतखोरी के आरोप में ट्रैप कर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला सब इंस्पेक्टर और दो हेड कांस्टेबल शामिल हैं। तीनों पुलिसकर्मी दहेज प्रताड़ना से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में जयपुर आए हुए थे।

जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान आरोपियों ने पीड़ित पक्ष को डराने-धमकाने के साथ ही मामले में राहत दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत राजस्थान एसीबी से की, जिसके बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कर ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई।

एसीबी ने जयपुर स्थित होटल गणगौर में जाल बिछाकर बेंगलुरु पुलिस की महिला सब इंस्पेक्टर अनीता तथा हेड कांस्टेबल यतीश कुमार और उल्वप्पा को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम ने आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी।

यह कार्रवाई एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र चौधरी के नेतृत्व में की गई। पूरे अभियान की निगरानी पुलिस उपमहानिरीक्षक ओम प्रकाश मीणा ने की, जबकि कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता और अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश पर संपन्न हुई।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार, दूसरे राज्य से आए पुलिसकर्मियों द्वारा राजस्थान में रिश्वत मांगने और लेने का मामला गंभीर श्रेणी का है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा रिश्वत मांगने और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की विस्तृत जांच जारी है।

ट्रैप कार्रवाई के बाद महिला सब इंस्पेक्टर अनीता की तबीयत अचानक बिगड़ गई। एसीबी टीम ने तत्काल उन्हें चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उच्च रक्तचाप (बीपी) की समस्या के कारण उनकी तबीयत खराब हुई थी। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

 बेंगलुरु पुलिस की महिला सब इंस्पेक्टर अनीता तथा हेड कांस्टेबल यतीश कुमार और उल्वप्पा
बेंगलुरु पुलिस की महिला सब इंस्पेक्टर अनीता तथा हेड कांस्टेबल यतीश कुमार और उल्वप्पा
Previous
Next

Related Posts