



अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ को राजस्थान सरकार ने टैक्स फ्री घोषित कर दिया है। राज्य के वित्त (कर) विभाग ने शनिवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए। आदेश के अनुसार फिल्म पर देय राज्य वस्तु एवं सेवा कर (एसजीएसटी) की भरपाई राज्य सरकार द्वारा की जाएगी। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि टैक्स छूट का लाभ दर्शकों तक पहुंचे, इसलिए फिल्म के टिकटों के दाम नहीं बढ़ाए जा सकेंगे।
सरकार की ओर से जारी यह व्यवस्था अगले छह माह तक प्रभावी रहेगी। राज्य सरकार का मानना है कि फिल्म के संदेश और विषयवस्तु को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। टैक्स फ्री होने के बाद प्रदेशभर के सिनेमाघरों में फिल्म को और अधिक दर्शक मिलने की संभावना जताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को जयपुर स्थित ईपी मिराज सिनेमाघर में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई थी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, फिल्म की मुख्य अभिनेत्री कंगना रनौत, निर्माता जयंतीलाल गड़ा, निर्देशक मनोज तापड़िया तथा बड़ी संख्या में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान फिल्म के कथानक और उसके सामाजिक संदेश पर भी चर्चा की गई।
राजस्थान सरकार के इस निर्णय को फिल्म उद्योग के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टैक्स फ्री किए जाने से दर्शकों को टिकट खरीदने में राहत मिलेगी, वहीं फिल्म के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक लोगों तक पहुंचने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।