



जयपुर में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कार्यकाल सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है और उनके नेतृत्व में भारत ने अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश भ्रष्टाचार, महंगाई, आतंकवाद, नक्सलवाद और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने दूरदर्शी नेतृत्व के माध्यम से देश को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के मंत्र के साथ केंद्र सरकार ने गरीब, युवा, महिला और किसान वर्ग के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इन प्रयासों के कारण 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर निकल पाए हैं।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं को देश की सबसे बड़ी शक्ति मानते हुए कौशल विकास, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल अर्थव्यवस्था और नवाचार को बढ़ावा दिया है। वहीं महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए शौचालय निर्माण, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाएं संचालित की गई हैं। किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि, उन्नत बीज, सिंचाई सुविधाओं और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि जैसे कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर भी प्रधानमंत्री की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों के माध्यम से भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, जीएसटी लागू करने, वन रैंक वन पेंशन और भारतीय न्याय संहिता लागू करने जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों का भी उल्लेख किया।
राजस्थान को केंद्र सरकार की योजनाओं से मिले लाभों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगभग 2 करोड़ 45 लाख मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी किए गए हैं, जबकि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 34 लाख से अधिक आवास बनाए गए हैं और जल जीवन मिशन के तहत 63 लाख से अधिक नल कनेक्शन दिए गए हैं। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत लगभग 89 लाख शौचालयों का निर्माण किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए राजस्थान सरकार भी विभिन्न योजनाओं पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 12 जून से 20 जून तक प्रदेशभर में जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध करवाई जा रही हैं। साथ ही ग्राम विकास यात्रा, ग्राम विकास चौपाल, संध्या चौपाल और "एक पेड़ मां के नाम" अभियान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पेयजल, सिंचाई और ऊर्जा क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। वर्ष 2027 तक प्रदेश के सभी किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में 26 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके अलावा राइजिंग राजस्थान निवेश सम्मेलन के माध्यम से 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते किए गए हैं, जिनमें से 9 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित एक वीडियो फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।