



जयपुर के सवाई मान सिंह इंडोर स्टेडियम में आयोजित भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में प्राकृतिक और जैविक खेती को लेकर जोरदार मंथन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय रहते खेती के तरीकों में बदलाव नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ियां वर्तमान पीढ़ी को कभी माफ नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि अत्यधिक यूरिया और रासायनिक खादों के उपयोग से भूमि की उर्वरता नष्ट हो रही है, पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है और मानव स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव पड़ रहा है।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि हरित क्रांति के दौरान कृषि वैज्ञानिकों ने सीमित मात्रा में उर्वरकों के उपयोग की सिफारिश की थी, लेकिन आज कई क्षेत्रों में आवश्यकता से कई गुना अधिक यूरिया का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने इसे कृषि के लिए घातक बताते हुए कहा कि रासायनिक खेती के कारण मिट्टी की गुणवत्ता खराब हो रही है, जैव विविधता प्रभावित हो रही है और खाद्यान्नों के माध्यम से हानिकारक तत्व मानव शरीर तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक और जैविक खेती की ओर लौटने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किसानों को 12 हजार रुपये सम्मान निधि देने का किया ऐलान
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने सत्ता संभालने के बाद सबसे पहले पानी और बिजली जैसे बुनियादी क्षेत्रों पर काम किया। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान, जो कभी बिजली के लिए अन्य राज्यों पर निर्भर था, आज ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन चुका है और भीषण गर्मी के दौरान अपनी जरूरत पूरी करने के साथ-साथ अन्य राज्यों को भी बिजली उपलब्ध करा रहा है।
मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा दी जाने वाली किसान सम्मान निधि के अतिरिक्त राजस्थान सरकार किसानों को 3 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता दे रही है और भविष्य में इसमें 3 हजार रुपये और बढ़ाए जाएंगे। इसके बाद प्रदेश के किसानों को कुल 12 हजार रुपये किसान सम्मान निधि के रूप में प्राप्त होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने गेहूं के समर्थन मूल्य पर 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने का निर्णय लिया है, जिससे किसानों को अतिरिक्त आर्थिक लाभ मिलेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने किसान मोर्चा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि संगठन में कार्य करने वाले नेताओं ने हमेशा बड़ी जिम्मेदारियां हासिल की हैं। उन्होंने कैलाश चौधरी की कार्यशैली और संगठनात्मक सक्रियता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी मेहनत भविष्य में उन्हें और बड़ी जिम्मेदारियों तक पहुंचा सकती है।
कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि किसान मोर्चा प्रदेश के गांव-गांव तक पहुंचकर किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित करेगा। इसके लिए जिला और विधानसभा स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी तथा प्राकृतिक खेती आधारित मॉडल गांव विकसित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में खेती को सम्मानजनक और लाभकारी व्यवसाय बनाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे।
कार्यशाला के माध्यम से भाजपा ने प्राकृतिक खेती, किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में स्थायी सुधारों को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को सामने रखा। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए किसान, कृषि विशेषज्ञ, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।