



टोंक। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में टोंक सूचना केंद्र में "12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" विषय पर तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन पूर्व जिला प्रमुख सरोज बंसल, अतिरिक्त जिला कलक्टर विनोद मीणा तथा नगर परिषद टोंक की पूर्व सभापति लक्ष्मी देवी जैन ने किया।
इस अवसर पर पूर्व जिला प्रमुख सरोज बंसल ने केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था, राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत संरचना और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। हर घर जल, मुफ्त राशन, किसानों के कल्याण, स्वदेशी रक्षा उपकरणों और धार्मिक-सांस्कृतिक स्थलों के विकास जैसी योजनाओं का लाभ देश की जनता को मिल रहा है।
सरोज बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार भी केंद्र सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर प्रदेश के विकास को नई गति प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और नेतृत्व क्षमता के कारण दुनिया का भरोसा भारत पर मजबूत हुआ है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त जिला कलक्टर विनोद मीणा ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने की अपील की।
सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी अपूर्व शर्मा ने बताया कि यह प्रदर्शनी 12 जून से 14 जून तक आमजन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी का समय प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों, विभिन्न योजनाओं तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राजस्थान यात्राओं से संबंधित दुर्लभ छायाचित्रों और जानकारियों को प्रदर्शित किया गया है।
उद्घाटन समारोह के दौरान पूर्व जिला परिषद सदस्य नरेश बंसल, विनायक जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।