



टोंक। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिलेभर में 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक ग्रामीण सेवा शिविर एवं शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाएगा तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाएगा। जिला कलक्टर टीना डाबी ने गुरुवार को जिला स्तरीय अधिकारियों और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का यथासंभव मौके पर समाधान किया जाए और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन के कार्यों में अनावश्यक देरी न हो तथा योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी रूप से पहुंचे।
जिले में 12 जून को उपखंड टोंक की ग्राम पंचायत पालड़ा, पीपलू की बगड़वा, निवाई की खंडवा, मालपुरा की देशमा, देवली की हिसामपुर, उनियारा की रूपपुरा तथा टोडारायसिंह की दाबड़दुंबा ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर मौके पर ही समस्याओं का समाधान करेंगे।
ग्रामीण सेवा शिविरों में बिजली, पेयजल, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा, जनआधार, पेंशन, पालनहार योजना, छात्रवृत्ति, महिला एवं बाल विकास, श्रम, स्वास्थ्य, पशुपालन, आयुर्वेद, सहकारिता, परिवहन और आपदा राहत सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। किसानों को फसल बीमा, ऋण योजनाओं तथा कृषि संबंधी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क जांच एवं उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से लाडो प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला सुरक्षा एवं अन्य योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग पेंशन सत्यापन, यूडीआईडी कार्ड, कृत्रिम अंग वितरण और विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित कार्यों का निस्तारण करेगा।
इसी प्रकार 12 जून से 15 जुलाई तक जिले के सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में शहरी सेवा शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सड़क मरम्मत, सीवरेज, भवन निर्माण स्वीकृति, नामांतरण, पट्टा प्रकरण, जन्म-मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना सहित विभिन्न नागरिक सेवाओं से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर विनोद कुमार मीणा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ललित कुमार, नगर परिषद आयुक्त धर्मपाल जाट सहित सभी उपखंड अधिकारियों, विकास अधिकारियों, तहसीलदारों एवं स्थानीय निकायों के अधिकारियों ने भाग लिया।
जिला कलक्टर ने आमजन से अपील की है कि वे अपने निकटतम ग्राम पंचायत या शहरी क्षेत्र में आयोजित सेवा शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं और सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।