Thursday, 11 June 2026

पीबीएम अस्पताल प्रकरण पर विवादित टिप्पणी से घिरे चिकित्सा मंत्री, विरोध करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस की कार्रवाई


पीबीएम अस्पताल प्रकरण पर विवादित टिप्पणी से घिरे चिकित्सा मंत्री, विरोध करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस की कार्रवाई

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

बीकानेर। बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद महिलाओं की किडनी प्रभावित होने के मामले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर का बयान विवादों में आ गया है। गुरुवार को अस्पताल दौरे के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री की टिप्पणी को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

दरअसल, पत्रकारों ने मंत्री से पूछा था कि जिन महिलाओं की तबीयत बिगड़ी, उनमें अधिकांश की हालत डिलीवरी के दो से तीन घंटे बाद खराब हुई। इस पर सरकार का क्या पक्ष है। जवाब में मंत्री ने कहा कि सभी मरीज पहले से ही गंभीर स्वास्थ्य स्थिति में अस्पताल पहुंची थीं। इसके बाद उन्होंने डॉ. सुरेंद्र वर्मा से कहा कि वे पत्रकारों को मरीजों की वास्तविक स्थिति के बारे में बताएं। इसी दौरान मंत्री ने टिप्पणी करते हुए कहा, “आप ही बताइए कैसी हालत में आई थीं, पैदल चलकर नाचती हुई आई थीं या बीमार होकर आई थीं।”

मंत्री ने इस दौरान चिकित्सकों का बचाव करते हुए कहा कि अस्पतालों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीजों का सफल उपचार किया जाता है, लेकिन केवल कुछ प्रतिकूल मामलों को ही प्रमुखता से उठाया जाता है। उन्होंने कहा कि हजारों मरीजों का उपचार सफलतापूर्वक होता है, जबकि कुछ गंभीर मामलों को आधार बनाकर पूरे चिकित्सा तंत्र पर सवाल उठाए जाते हैं।

इस बीच मंत्री के पीबीएम अस्पताल पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर के बाहर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी अस्पताल परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने के लिए बल प्रयोग किया और कई कार्यकर्ताओं को खदेड़ दिया। कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई को लेकर भी नाराजगी जताई है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में पीबीएम अस्पताल में कई प्रसूताओं की किडनी प्रभावित होने और उन्हें गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती किए जाने का मामला सामने आया था। राज्य सरकार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों और संभावित जिम्मेदारियों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

    Previous
    Next

    Related Posts