



जयपुर। जयपुर के वैशाली नगर क्षेत्र स्थित गांधी पथ पर गुरुवार दोपहर एक निर्माणाधीन भवन की बेसमेंट खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बेसमेंट की खुदाई के समय अचानक मिट्टी का एक हिस्सा ढह गया, जिसकी चपेट में आने से तीन महिला मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद मजदूरों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस के अनुसार हादसा गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे गांधी पथ स्थित जयपुर बाग के निकट एक निर्माणाधीन परियोजना स्थल पर हुआ। निर्माण कार्य के तहत बेसमेंट के लिए लगभग 20 फीट गहरी खुदाई की गई थी। दोपहर के समय मजदूर बेसमेंट क्षेत्र में मिट्टी समतल करने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान बेसमेंट के एक हिस्से की मिट्टी अचानक भरभराकर गिर गई और वहां काम कर रहीं तीन महिलाएं उसके नीचे दब गईं।
करणी विहार थाना पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान बिहार निवासी सुनीता देवी, अनुती कुमारी और प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं मजदूरी का कार्य करती थीं और निर्माण स्थल के पास बनी अस्थायी झोपड़ियों में अपने परिवारों के साथ रह रही थीं। बताया जा रहा है कि पिछले लगभग एक माह से एक दर्जन से अधिक मजदूर वहीं निवास कर रहे थे।
हादसे के बाद साथी मजदूरों ने अपने स्तर पर महिलाओं को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंची। मलबे में दबने से तीनों महिलाओं की हालत गंभीर हो गई थी। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों और निर्माण स्थल पर बरती गई सावधानियों की समीक्षा की जा रही है। घटना के बाद मजदूरों और उनके परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है।
