Thursday, 11 June 2026

रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव का हल्का-फुल्का अंदाज, बोले- अध्यक्ष नाराज हो जाएं तो टिकट भी कट जाती है


रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव का हल्का-फुल्का अंदाज, बोले- अध्यक्ष नाराज हो जाएं तो टिकट भी कट जाती है

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को जयपुर में आयोजित भाजपा के ‘प्रबुद्धजन विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में संबोधन के दौरान हास्यपूर्ण टिप्पणी कर कार्यक्रम में मौजूद लोगों को हंसा दिया। दुर्गापुरा कृषि अनुसंधान केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में रेलवे के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ की ओर इशारा कर कहा कि "अध्यक्ष नाराज हो जाएं तो पार्टी से टिकट भी कट जाती है।"

रेलमंत्री विभिन्न रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों की जानकारी दे रहे थे। जब पाली रेलवे स्टेशन के विकास कार्य का जिक्र आया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से उसकी तस्वीर पर स्वीकृति मांगी। राठौड़ द्वारा सहमति जताने पर वैष्णव ने मजाकिया लहजे में कहा, "अध्यक्ष जी ने अप्रूव कर दिया, चलो राजनीति जिंदा रहेगी।" उनके इस बयान पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं और अतिथियों ने ठहाके लगाए।

अपने संबोधन में अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले रेलवे स्टेशनों पर केवल टाइल्स और रंग-रोगन को विकास माना जाता था, जबकि अब अगले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर आधुनिक स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले राजस्थान को रेलवे विकास के लिए लगभग 682 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, जो अब बढ़कर 10,200 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। जयपुर जंक्शन और गांधी नगर सहित कई प्रमुख स्टेशनों का आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि देश ने विकास को बाधित करने वाली राजनीति को पीछे छोड़कर विकासोन्मुख नेतृत्व को चुना है और रेलवे के क्षेत्र में इसका परिणाम स्पष्ट दिखाई दे रहा है। राजस्थान में रेलवे आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए रिकॉर्ड निवेश किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान जयपुर सांसद मंजू शर्मा का भी उल्लेख हुआ। वैष्णव ने बताया कि उन्होंने जयपुर आने पर उनसे घेवर खिलाने की बात कही थी। इस पर सांसद मंजू शर्मा ने मजाकिया अंदाज में कहा कि घेवर के साथ अजमेर-जयपुर-दरभंगा ट्रेन को नियमित भी करना पड़ेगा। रेलमंत्री ने कहा कि उन्होंने उत्तर-पश्चिम रेलवे के अधिकारियों को इस मांग पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं और दो माह में ट्रेन को नियमित करने का आश्वासन दिया गया है।

वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में रेलवे और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब रेलवे स्टेशन विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ विकसित किए जा रहे हैं और भारत की रेलवे तकनीक विदेशों तक पहुंच रही है। उन्होंने जीएसटी को "एक देश-एक टैक्स" व्यवस्था बताते हुए इसे व्यापार जगत के लिए महत्वपूर्ण सुधार करार दिया।

Previous
Next

Related Posts