



नई दिल्ली। राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2026 में विभिन्न राज्यों से कुल 14 उम्मीदवार गुरुवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। इन सीटों पर नामांकन वापसी की अंतिम तिथि तक कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं रहने के कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी।
निर्विरोध निर्वाचित उम्मीदवारों में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा भी शामिल हैं, जो कर्नाटक से राज्यसभा के लिए चुने गए हैं।
राजस्थान से भारतीय जनता पार्टी के डॉ. सतीश पूनिया, डॉ. अलका गुर्जर तथा कांग्रेस के नीरज डांगी निर्विरोध राज्यसभा सदस्य चुने गए हैं।
गुजरात में भाजपा के सभी चार उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। नामांकन वापसी के बाद किसी भी सीट पर मुकाबले की स्थिति नहीं बनी।
मध्य प्रदेश से भाजपा उम्मीदवार रजनीश अग्रवाल, तरुण चुग और महेश केवट निर्वाचित घोषित किए गए।
मध्य प्रदेश की तीसरी सीट को लेकर राजनीतिक विवाद भी देखने को मिला। कांग्रेस ने इस सीट पर मीनाक्षी नटराजन को प्रत्याशी बनाया था। कांग्रेस का दावा था कि उसके पास आवश्यक संख्या बल मौजूद था, लेकिन 9 जून को उनका नामांकन पत्र निरस्त कर दिया गया।
नामांकन रद्द किए जाने के खिलाफ कांग्रेस ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। मामले में सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर अगली सुनवाई शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी है।