



जयपुर। राजस्थान से राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव-2026 के तहत तीनों प्रत्याशी गुरुवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए। नाम वापसी की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हुई और विधानसभा परिसर में औपचारिक घोषणा की गई।
राज्यसभा निर्वाचन के रिटर्निंग ऑफिसर भारत भूषण शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी डॉ. अलका सिंह, भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. सतीश पूनिया तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रत्याशी नीरज डांगी को निर्वाचित घोषित किया।
राजस्थान विधानसभा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रिटर्निंग ऑफिसर ने तीनों निर्वाचित उम्मीदवारों को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किए। राज्यसभा की तीनों सीटों पर जितने उम्मीदवार मैदान में थे, उतनी ही सीटें होने के कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी और सभी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए।
भाजपा की ओर से डॉ. अलका सिंह और डॉ. सतीश पूनिया को राज्यसभा भेजा गया है, जबकि कांग्रेस की ओर से नीरज डांगी ने अपनी सीट बरकरार रखी है। इस परिणाम के साथ राजस्थान की तीनों राज्यसभा सीटों का चुनाव बिना मतदान के संपन्न हो गया।