



दौसा। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं किसान नेता राजेश पायलट की 26वीं पुण्यतिथि पर दौसा के भंडाना स्थित स्मृति स्मारक पर आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने अपने पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत को लेकर भी महत्वपूर्ण टिप्पणी की।
मीडिया से बातचीत में सचिन पायलट ने कहा कि अशोक गहलोत का जितना स्नेह और लगाव उनके पुत्र वैभव गहलोत के प्रति है, उतना ही स्नेह और लगाव उनके प्रति भी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार के सभी लोग पार्टी के सिपाही हैं और संगठन को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य कर रहे हैं।
गुरुवार को आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सचिन पायलट ने अपने पिता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान उनके पुत्र आरान और विहान भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद सचिन पायलट ने भाजपा सरकार और केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लाखों छात्रों के भविष्य पर इसका प्रभाव पड़ रहा है।
पायलट ने कहा कि किसानों की आय, बढ़ती महंगाई और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आवश्यक वस्तुओं और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
उन्होंने हाल ही में हुई विपक्षी दलों की बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्ष लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और सरकार को जवाबदेह बनाने का प्रयास किया जाएगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में दौसा सांसद मुरारीलाल मीणा, विधायक डीसी बैरवा, मुकेश भाकर, मनीष यादव, लक्ष्मण मीणा, पूर्व मंत्री हेमराम चौधरी, करौली धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव, विधायक अमीन कागजी, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के सांसद कुलदीप इंदौरा, अभिमन्यु पूनिया, रामनिवास गांवरिया, विधायक अनिता जाटव पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावस, धीरज गुर्जर, अर्चना शर्मा, वेदप्रकाश सोलंकी, डॉ. जितेंद्र सिंह, ममता भूपेश, दीपेंद्र सिंह शेखावत, शकुंतला गुर्जर सहित तमाम नेता पहुंच गए हैं।
राजेश पायलट की पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम में उनके राजनीतिक योगदान, किसान हितों के लिए किए गए कार्यों और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया गया।