



जयपुर। भीषण गर्मी के बीच आमजन को राहत पहुंचाने और सेवा की भावना को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से जयपुर नगर निगम ने निर्जला एकादशी के अवसर पर विशेष ‘अमृत सेवा अभियान’ शुरू करने की घोषणा की है। आगामी 25 जून को आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर लगाकर राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को शीतल पेयजल, शरबत, जूस, छाछ तथा फलाहार वितरित किया जाएगा।
जयपुर नगर निगम के आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जनकल्याण और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने की सोच से प्रेरित होकर इस अभियान की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि उद्देश्य निर्जला एकादशी को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखकर सेवा, सहयोग और सामाजिक सहभागिता के उत्सव के रूप में स्थापित करना है।
नगर निगम द्वारा इस अभियान में सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। निगम का मानना है कि सामूहिक प्रयासों से शहर के अधिकाधिक क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाई जा सकेगी।
अभियान के तहत लगाए जाने वाले सेवा शिविरों में गर्मी से राहत देने वाले पेय पदार्थों के साथ फलाहार का भी वितरण किया जाएगा। इसके अलावा सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी से अभियान को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
नगर निगम ने अभियान से जुड़ने के इच्छुक व्यक्तियों और संस्थाओं के लिए विशेष पंजीकरण व्यवस्था भी शुरू की है। इच्छुक नागरिक एवं संगठनअमृत सेवा पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अलावा निगम द्वारा जारी क्यूआर कोड के माध्यम से भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
पंजीकरण के बाद नगर निगम की ओर से सेवा शिविरों के संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें कैनोपी, टेबल, कुर्सियां, पंखे, फ्रंट ब्रांडिंग बैनर और स्वच्छता संबंधी सहयोग शामिल रहेगा, जिससे स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों को शिविर संचालन में सुविधा मिल सके।
नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने शहरवासियों, सामाजिक संगठनों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सेवा, सहयोग और मानवता पर आधारित यह पहल समाज में सामाजिक उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करेगी तथा भीषण गर्मी के दौरान जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।