Wednesday, 10 June 2026

RCA ने खेल परिषद को लिखा पत्र, अकादमी ग्राउंड में शराब परोसने के आरोप पर जताई आपत्ति,कार्रवाई की मांग


RCA ने खेल परिषद को लिखा पत्र, अकादमी ग्राउंड में शराब परोसने के आरोप पर जताई आपत्ति,कार्रवाई की मांग

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) और राजस्थान राज्य खेल परिषद (RSSC) के बीच एक नया विवाद सामने आया है। RCA की एडहॉक कमेटी ने राजस्थान राज्य खेल परिषद को पत्र लिखकर RCA अकादमी ग्राउंड में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कथित रूप से शराब और बीयर परोसे जाने पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है। एडहॉक कमेटी ने इसे खेल परिसरों की गरिमा और निर्धारित नियमों के विरुद्ध बताते हुए मामले में तत्काल हस्तक्षेप और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

RCA एडहॉक कमेटी के संयोजक डॉ. मोहित जसवंत यादव द्वारा राजस्थान राज्य खेल परिषद के सचिव को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि खेल परिषद ने 9 जून से 11 जून 2026 तक आयोजित होने वाले केपीएल (KPL) सीजन के कार्यक्रम के लिए RCA अकादमी ग्राउंड एक निजी आयोजनकर्ता को उपलब्ध कराया था।

पत्र के अनुसार 10 जून को कार्यक्रम के दौरान आयोजन स्थल पर शराब और बीयर परोसे जाने की जानकारी सामने आई। RCA ने इस पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा है कि खेल मैदानों और स्टेडियम परिसरों में इस प्रकार की गतिविधियां खेल संस्कृति और संस्थागत मानकों के अनुरूप नहीं हैं।

एडहॉक कमेटी ने अपने पत्र में कहा कि खेल परिसरों का उपयोग खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और खेल गतिविधियों के लिए किया जाना चाहिए। ऐसे स्थानों पर शराब परोसने जैसी गतिविधियां खेल वातावरण और अनुशासन की भावना को प्रभावित करती हैं। समिति ने इस मामले की जांच कर जिम्मेदार पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

RCA का कहना है कि खेल परिसरों के उपयोग को लेकर निर्धारित नियमों और दिशानिर्देशों का पालन किया जाना आवश्यक है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह खेल सुविधाओं के उपयोग से संबंधित स्थापित मानकों का उल्लंघन माना जाएगा।

फिलहाल राजस्थान राज्य खेल परिषद की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर खेल जगत और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि खेल परिषद इस शिकायत पर क्या कदम उठाती है और मामले की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।

    Previous
    Next

    Related Posts