



टोंक। टोंक जिला कलक्टर टीना डाबी की अध्यक्षता में पंचायत समिति पीपलू की ग्राम पंचायत हाडीकलां में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल के दौरान जिला कलक्टर ने ग्रामीणों और आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों को मिल रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की।
रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर ने कृषकों, पशुपालकों और ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार लाना और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण, अतिक्रमण और अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित मुद्दे जिला प्रशासन के समक्ष रखे। जिला कलक्टर ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
टीना डाबी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन से जुड़े मामलों का गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा में निस्तारण किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
जिला कलक्टर ने ग्रामीणों को जानकारी देते हुए बताया कि 12 जून से ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं का समाधान करा सकेंगे तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से शिविरों में भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विनोद कुमार मीणा, देवेन्द्र सिंह चौहान, कैलाश मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।