



जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। मुख्यमंत्री ने राजस्थान की साढ़े 8 करोड़ जनता की ओर से लिखे पत्र में प्रधानमंत्री के नेतृत्व, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की सराहना की है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन सदैव सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण, नारी शक्ति वंदन, युवा सशक्तिकरण तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन से देशवासियों के बीच ‘‘मोदी है तो मुमकिन है’’ की भावना और अधिक मजबूत हुई है।
भजनलाल शर्मा ने पत्र में उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। उन्होंने राम जल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, जयपुर मेट्रो फेज-2, माही-बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना तथा रिफाइनरी परियोजना जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे प्रदेश के विकास को नई गति मिली है। साथ ही दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के अंतर्गत विकसित औद्योगिक क्षेत्रों ने राजस्थान को देश के प्रमुख निवेश और औद्योगिक केंद्रों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अनेक जनकल्याणकारी पहलों की शुरुआत राजस्थान की धरती से हुई है। उन्होंने झुंझुनूं से शुरू हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के राष्ट्रीय विस्तार, पोषण अभियान तथा अजमेर से प्रारंभ हुए सर्वाइकल कैंसर रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने समाज के विभिन्न वर्गों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राजस्थान विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
अपने पत्र में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के विषयों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को मजबूती मिली है और देश की सुरक्षा नीति को नई दिशा प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान के वीर सपूतों ने भी अपने साहस और राष्ट्रभक्ति से देश का गौरव बढ़ाया है।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व शांति, लोकतांत्रिक मूल्यों और टिकाऊ विकास के मार्ग पर आगे बढ़ते हुए विश्व गुरु बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक और सोमनाथ मंदिर से जुड़े विकास कार्यों को सांस्कृतिक पुनर्जागरण का आधुनिक स्वरूप बताया।