



जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीके नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार सुबह जयपुर स्थित श्री मोती डूंगरी गणेश मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की।
प्रातः 8 बजे आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र के निरंतर विकास एवं जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। इसके साथ ही विकसित भारत के संकल्प की सफलता तथा देशवासियों की समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की गई।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने भगवान गणेश से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश और राजस्थान निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ते रहें तथा विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। इसी भावना के साथ प्रधानमंत्री की दीर्घायु और राष्ट्र की उन्नति के लिए पूजा-अर्चना की गई है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की भी मंगलकामना की।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। पूजा-अर्चना के माध्यम से देश की उन्नति, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प को लेकर विशेष प्रार्थना की गई।