



जयपुर। भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर की मासिक संगठनात्मक बैठक मंगलवार को शहर कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने की। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों, संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए अमित गोयल ने कहा कि हाल ही में आयोजित 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान' के अंतर्गत जयपुर शहर का प्रशिक्षण वर्ग पूरे राजस्थान में सर्वश्रेष्ठ रहा। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मंडल अध्यक्षों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास, समर्पण और टीम भावना को दिया। गोयल ने कहा कि जब संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता उत्कृष्ट कार्य करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ता है तो कठिन से कठिन लक्ष्य भी आसानी से प्राप्त किए जा सकते हैं।
बैठक के दौरान विभिन्न सांगठनिक विषयों पर समीक्षा की गई। जिन मंडलों में अभी तक कार्यकारिणियों का गठन नहीं हुआ है, वहां जल्द से जल्द गठन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही शक्ति केंद्रों को मजबूत बनाने, बूथ स्तर पर संगठन की पकड़ बढ़ाने तथा वार्ड स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को और अधिक प्रभावी बनाने की योजनाओं पर चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
बैठक के मुख्य वक्ता अजीत मंडल ने संगठन के कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन है और इसकी सबसे बड़ी ताकत इसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और पार्टी की विचारधारा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
भाजपा जयपुर शहर के मीडिया सह-प्रभारी नयन माधाणी ने बताया कि बैठक में भाजपा प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, जिला महामंत्री नवरत्न नाराणिया, रेखा राठौड़, राजेश तांबी, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पुरुवंशी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।