Tuesday, 09 June 2026

जयपुर में अवैध पटाखा गोदाम में भीषण आग, बच्चे समेत 8 लोगों की मौत


जयपुर में अवैध पटाखा गोदाम में भीषण आग, बच्चे समेत 8 लोगों की मौत

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। जयपुर के खोह नागोरियान क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक अवैध पटाखा गोदाम में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक अग्निकांड में एक बच्चे सहित आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा आयशा नगर तलाई क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज के पास स्थित परिसर में हुआ, जहां बड़ी मात्रा में पटाखा सामग्री रखी गई थी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11 बजे अचानक आग लगने के बाद तेज धमाकों के साथ पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे मौके पर मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे में अब्दुल वाहिद (50), राबिल (16), बिलाल खान (30), समीर (20), आजीम खान (18) उर्फ आविद, अशरफ (40) और नासिर खान (25) की मौत हो गई। एक अन्य मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। मृतकों में शामिल बिलाल खान और आजीम खान सगे भाई थे। परिजनों के अनुसार बिलाल अपने छोटे भाई आजीम से मिलने के लिए उस स्थान पर पहुंचा था, जहां आजीम काम करता था। दोनों बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक आग लग गई और दोनों इसकी चपेट में आ गए।

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने मौके का निरीक्षण किया। जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि जहां हादसा हुआ वह पटाखों का गोदाम था, जबकि वास्तविक फैक्ट्री कुछ दूरी पर स्थित है। प्रथम दृष्टया यह गोदाम रिहायशी इलाके में अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि यदि गोदाम अवैध रूप से संचालित पाया जाता है तो इसके मालिक और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि गोदाम में कितनी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है, जबकि घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है। हादसे ने एक बार फिर रिहायशी क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित पटाखा गोदामों और विस्फोटक सामग्री के भंडारण पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Previous
Next

Related Posts