



जयपुर।जयपुर के जगतपुरा क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत मंगलवार को दूसरे दिन भी जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी। नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनी सड़क को 80 फीट चौड़ा करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच कई निर्माण हटाए। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू की गई है।
मंगलवार सुबह जेडीए की प्रवर्तन शाखा, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू हुई। अधिकारियों ने सबसे पहले सड़क सीमा में आने वाले निर्माणों का निरीक्षण और चिह्नीकरण किया, जिसके बाद अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। अभियान के दौरान कुल 12 अवैध निर्माणों को हटाया गया।
कार्रवाई के तहत सड़क क्षेत्र में आ रहे एक धार्मिक स्थल की दीवार और चबूतरे को भी हटाया गया। इसके अलावा उन स्थानों की सफाई भी करवाई गई, जहां पहले दिन की कार्रवाई के दौरान निर्माण और धार्मिक ढांचों को हटाया गया था। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाकर सड़क क्षेत्र को खाली कराया गया ताकि चौड़ीकरण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
गौरतलब है कि सोमवार को अभियान के पहले दिन जेडीए ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए पांच धार्मिक स्थलों सहित 125 से अधिक अवैध निर्माणों को हटाया था। प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण परियोजना से क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और भविष्य में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों के अनुसार सड़क विकास कार्य सार्वजनिक हित में किया जा रहा है और सभी प्रभावित पक्षों को नियमानुसार पूर्व सूचना दी गई थी। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखा गया और पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई।