



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे "12 साल विश्वास के, विकास के एवं जनकल्याण के" अभियान के अंतर्गत 11 जून को जयपुर के कृषि अनुसंधान केंद्र, दुर्गापुरा में आयोजित होने वाले प्रबुद्धजन सम्मेलन की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर इकाई ने व्यापक स्तर पर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस क्रम में भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया तथा कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, स्वागत, पंजीयन, सुरक्षा, पेयजल, मीडिया प्रबंधन, साज-सज्जा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए अलग-अलग व्यवस्था प्रमुखों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सम्मेलन को अनुशासित, भव्य और प्रभावी बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
अमित गोयल ने कहा कि यह सम्मेलन केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों, सुशासन, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के प्रबुद्ध वर्ग तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यक्रम के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी के विषय पर सार्थक संवाद स्थापित होगा।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता के रूप में भारत सरकार के रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव प्रबुद्धजनों को संबोधित करेंगे। वे केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों, विकसित भारत की परिकल्पना और देश के विकास में नागरिकों की भागीदारी के महत्व पर अपने विचार रखेंगे।
बैठक और निरीक्षण कार्यक्रम में जिला महामंत्री नवरत्न नराणिया, रेखा राठौड़, राजेश तांबी, जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पुरुवंशी, अजय सिंह चौहान, जिला मंत्री नीलू शर्मा जांगिड़, जी. राम मीणा, अंजना सेन, कार्यालय मंत्री क्षमा अग्रवाल, मीडिया प्रभारी भारती खंडेलवाल, मीडिया सह प्रभारी नयन माघाणी, अग्रवाल मुनीश शर्मा, राज सिंह राठौड़, राजेश गौतम सहित अनेक जिला पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।