Tuesday, 09 June 2026

12 ज्योतिर्लिंग तीर्थ पुरोहित संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमल भट्ट ने किए ब्रह्मा मंदिर के दर्शन, पुष्कर में सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा


12 ज्योतिर्लिंग तीर्थ पुरोहित संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमल भट्ट ने किए ब्रह्मा मंदिर के दर्शन, पुष्कर में सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail
  1. विश्व प्रसिद्ध तीर्थराज पुष्कर स्थित ब्रह्मा मंदिर में गुजरात के सोमनाथ मंदिर के पुजारी एवं 12 ज्योतिर्लिंग तीर्थ पुरोहित संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमल चंद्र प्रकाशभाई भट्ट अपने 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ दर्शन करने पहुंचे। इस अवसर पर ब्रह्मा मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न करवाई तथा उपरणा पहनाकर एवं प्रसाद भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

सनातन धर्म रक्षा संघ अजयमेरु राजस्थान के अध्यक्ष एवं पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा ने बताया कि हेमल भट्ट पिछले एक माह से देश के प्रमुख तीर्थस्थलों वाराणसी, प्रयागराज, हरिद्वार, गया, खाटूश्यामजी, मेहंदीपुर बालाजी और वृंदावन सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने तीर्थ पुरोहितों की बैठकें लेकर धार्मिक एवं सामाजिक विषयों पर चर्चा की। इस यात्रा के अंतिम चरण में वे तीर्थगुरु ब्रह्मा नगरी पुष्कर पहुंचे और ब्रह्मा जी के दर्शन किए, जिसके बाद उनका दल सीधे सोमनाथ के लिए रवाना होगा।

ब्रह्मा मंदिर परिसर में सनातन धर्म रक्षा संघ द्वारा हेमल भट्ट एवं उनके साथ आए सभी अतिथियों का भगवा उपरणा और माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। अतिथियों को पुष्कर के प्रसिद्ध प्रसाद मालपुए भी भेंट किए गए। इस अवसर पर हेमल भट्ट ने घोषणा की कि निकट भविष्य में 12 ज्योतिर्लिंगों के तीर्थ पुरोहितों का एक राष्ट्रीय सम्मेलन पुष्कर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर के तीर्थ पुरोहित भाग लेंगे।

इसके पश्चात पुष्कर स्थित चौहान कॉन्टिनेंटल होटल में सनातन धर्म रक्षा संघ के पदाधिकारियों और हेमल भट्ट के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में गौ संरक्षण, गौ हत्या पर रोक, सनातन धर्म, साधु-संतों, पुरोहितों, तीर्थ पुरोहितों तथा देश के प्रमुख तीर्थस्थलों के संरक्षण एवं संवर्धन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। हेमल भट्ट ने कहा कि इन विषयों पर हुई चर्चा और सुझावों को देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi तक पहुंचाया जाएगा।

बैठक में सनातन धर्म रक्षा संघ अजयमेरु राजस्थान के इंजीनियर अशोक शर्मा, डॉ. कुलदीप शर्मा, पंडित चंद्रशेखर गौड़, देवेंद्र त्रिपाठी, डॉ. रश्मि शर्मा, अर्चना गौड़ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सनातन परंपराओं के संरक्षण और देशभर के तीर्थस्थलों के बीच समन्वय को मजबूत करना बताया गया।

Previous
Next

Related Posts