Sunday, 07 June 2026

जयपुर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले इंटरनेट बंद, प्रशासन हाई अलर्ट पर


जयपुर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले इंटरनेट बंद, प्रशासन हाई अलर्ट पर

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। जयपुर में सोमवार को प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को देखते हुए जिला प्रशासन ने कई क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोकने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। आदेश के अनुसार रविवार रात 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक चयनित क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।

संभागीय आयुक्त वी सरवन कुमार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया और इंटरनेट आधारित प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से भ्रामक सूचनाएं फैलाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसी आशंकाओं को देखते हुए एहतियाती कदम के रूप में इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है।

प्रशासन के अनुसार, जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) द्वारा जगतपुरा क्षेत्र में नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर बनी सड़क को 80 फीट चौड़ा करने के लिए सोमवार को अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस और प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

प्रतिबंध के दौरान 2G, 3G, 4G और 5G मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी। इसके साथ ही बल्क एसएमएस सेवाओं और इंटरनेट आधारित मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स पर भी रोक लागू रहेगी। व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर) और अन्य सोशल मीडिया एप्लिकेशन भी प्रभावित रहेंगे। हालांकि आवश्यक सरकारी सेवाओं और आपातकालीन व्यवस्थाओं को नियमानुसार छूट दी जा सकती है।

यह प्रतिबंध जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और जयपुर जिले के कई थाना क्षेत्रों में लागू रहेगा। जयपुर उत्तर के रामगंज, गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आमेर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जालूपुरा, संजय सर्किल, शास्त्रीनगर, भट्टाबस्ती, विद्याधर नगर और जयसिंहपुरा खोर सहित कई क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

इसी प्रकार जयपुर पूर्व के बस्सी, कानोता, तूंगा, आदर्श नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, जवाहर नगर, जामडोली, एसएमएस अस्पताल, गांधी नगर, लालकोठी, मोतीडूंगरी, एयरपोर्ट, मालवीय नगर, जवाहर सर्किल, बजाज नगर, खो-नागोरियान, सांगानेर, प्रताप नगर, रामनगरिया और मालपुरा गेट थाना क्षेत्रों में भी मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर रोक लागू रहेगी।

प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Previous
Next

Related Posts