



टोंक। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) जयपुर प्रांत के 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग-2026 का समारोप समारोह शुक्रवार को टोंक स्थित सेंट सोल्जर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम धन्ना पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 बजरंगदेवाचार्य महाराज एवं पूज्य संत कोमलराम महाराज रामद्वारा टोंक के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ। समारोह में सेवानिवृत्त सहायक कस्टम कमिश्नर राजेन्द्र महावर मुख्य अतिथि रहे, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यवाह जसवंत खत्री ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया।
अपने उद्बोधन में जसवंत खत्री ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक और सैन्य दृष्टि से विश्व की प्रमुख शक्तियों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट और युद्ध जैसे हालातों में भी दुनिया भारत की ओर आशा और विश्वास के साथ देख रही है। उन्होंने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति सदैव मानव कल्याण की पक्षधर रही है और “सर्वे भवन्तु सुखिनः” की अवधारणा केवल सनातन परंपरा की देन है, जो समस्त मानवता के सुख और कल्याण की कामना करती है।
खत्री ने कहा कि कुछ राष्ट्रविरोधी शक्तियां भारत को कमजोर करने और समाज को विभाजित करने का प्रयास कर रही हैं, इसलिए समाज को सजग और संगठित रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व के अनेक देश संघर्ष और युद्ध की परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। ऐसे में एक संगठित, जागरूक और शक्तिशाली समाज ही चुनौतियों का सामना कर सकता है और मानवता की रक्षा कर सकता है।
संघ शिक्षा वर्ग के सर्वाधिकारी अशोक कुमार मित्तल ने वर्ग का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित, अनुशासित एवं ध्येयनिष्ठ कार्यकर्ताओं के निर्माण हेतु नियमित रूप से प्रशिक्षण वर्गों का आयोजन करता है। उन्होंने कहा कि टोंक में आयोजित इस वर्ग में जयपुर प्रांत के 24 जिलों से आए 123 शिक्षार्थियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। वर्ग में 21 शिक्षक, 20 प्रबंधक एवं 10 जिला प्रमुखों ने पूर्णकालिक भूमिका निभाई।
उन्होंने बताया कि शिक्षार्थियों ने 15 दिनों तक प्रातः 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक अनुशासित दिनचर्या का पालन करते हुए शारीरिक, बौद्धिक और संगठनात्मक प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रतिदिन चार घंटे के शारीरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ चर्चा, संवाद और बौद्धिक सत्रों के माध्यम से राष्ट्र, समाज और संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से 123 गमलों में बीजारोपण किया गया तथा जल संरक्षण के लिए मिट्टी से बर्तन साफ कर हजारों लीटर पानी की बचत की गई।
वर्ग प्रमुख ने बताया कि 22 मई को शुरू हुए इस प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय मिश्रा एवं सह प्रांत प्रचारक विशाल कुमार द्वारा किया गया था। वर्ग के दौरान अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल सहित संघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों का मार्गदर्शन शिक्षार्थियों को प्राप्त हुआ। साथ ही क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम, प्रांत सह संघचालक हेमंत सेठिया, प्रांत कार्यवाह रमेश पारीक, प्रांत प्रचारक बाबूलाल और सह प्रांत प्रचारक विशाल कुमार का भी सान्निध्य मिला।
समारोह में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भूजल विभाग मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान, पंडित सुरेश दुबे, सेंट सोल्जर शिक्षा समिति के निदेशक बाबूलाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, महिला-पुरुष एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न विभागों, संस्थाओं एवं सहयोगी परिवारों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।