



टोंक। जिले में पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने तथा अंतिम छोर तक रहने वाले लोगों को पर्याप्त एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) द्वारा अवैध जल कनेक्शनों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को ग्राम पंचायत गुराई से ग्राम श्याला शुक्लपुरा तक जा रही मुख्य वितरण पेयजल पाइपलाइन पर विशेष अभियान चलाकर अवैध जल कनेक्शनों को हटाया गया।
अधीक्षण अभियंता प्रोजेक्ट टोंक के निर्देशों पर सहायक अभियंता पूरण मल बैरवा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण एवं जांच की। अभियान के दौरान मुख्य वितरण लाइन पर लगे कुल 9 अवैध जल कनेक्शनों की पहचान कर उन्हें तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी परियोजना खंड टोंक के अधिशाषी अभियंता आकाशदीप सिंह गुर्जर ने बताया कि अवैध कनेक्शनधारकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संबंधित व्यक्तियों को कुल 24 हजार 440 रुपये के दण्डात्मक शुल्क के नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग जिले में जल चोरी और अवैध कनेक्शनों के विरुद्ध नियमित रूप से अभियान चलाकर कार्रवाई कर रहा है।
उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में आवश्यकता पड़ने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस थाने में प्रकरण भी दर्ज कराया जाता है। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि ग्राम पंचायत गुराई से ग्राम श्याला शुक्लपुरा तक की मुख्य पेयजल पाइपलाइन पर दोबारा अवैध कनेक्शन पाए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिशाषी अभियंता ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अवैध जल कनेक्शन और जल चोरी के कारण कई गांवों में अंतिम छोर तक रहने वाले लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल नहीं मिल पाता है। इससे जल वितरण व्यवस्था प्रभावित होती है और आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने नागरिकों से विभाग का सहयोग करने तथा कहीं भी जल चोरी या अवैध जल कनेक्शन की जानकारी मिलने पर तुरंत विभाग को सूचित करने की अपील की।