Saturday, 06 June 2026

अजेय कुमार के नेतृत्व से भाजपा संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा और मजबूती: मदन राठौड़


अजेय कुमार के नेतृत्व से भाजपा संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा और मजबूती: मदन राठौड़

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रदेश संगठन महामंत्री के रूप में अजेय कुमार की नियुक्ति भाजपा संगठन के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने संगठन की भावना का सम्मान करते हुए एक अनुभवी, समर्पित और संगठनात्मक कार्यशैली वाले कार्यकर्ता को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, जिससे राजस्थान भाजपा को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

शनिवार को जयपुर आगमन पर प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने मोती डूंगरी गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक में उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, संगठनात्मक प्रभारियों, सह-प्रभारियों, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों एवं महामंत्रियों सहित पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। बैठक में "बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के" अभियान से जुड़े पदाधिकारी एवं मॉनिटरिंग टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे।

प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि अजेय कुमार ने अपना संपूर्ण जीवन संगठन और समाज की सेवा को समर्पित किया है। उनके लंबे अनुभव और संगठनात्मक क्षमता का लाभ राजस्थान भाजपा को मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी का संगठन और अधिक सशक्त, प्रभावी तथा कार्यकर्ता आधारित बनेगा। राठौड़ ने कहा कि संगठन महामंत्री की नियुक्ति के बाद अब वे प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं के बीच अधिक समय दे सकेंगे, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल आधार उसका मजबूत संगठन है और संगठन महामंत्री की सक्रिय भूमिका पार्टी की ताकत को और बढ़ाएगी। आगामी चुनावों का उल्लेख करते हुए राठौड़ ने कहा कि भाजपा पहले से ही चुनावी तैयारियों में जुटी हुई है और अब संगठनात्मक स्तर पर और अधिक मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि अजेय कुमार के मार्गदर्शन में भाजपा सभी स्तरों पर बेहतर प्रदर्शन करेगी।

इस अवसर पर मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हालिया बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गहलोत लगातार ऐसे बयान दे रहे हैं, जिनसे कांग्रेस के आंतरिक मतभेद सार्वजनिक हो रहे हैं। राठौड़ ने आरोप लगाया कि गहलोत अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने के लिए लगातार बयानबाजी कर रहे हैं और कांग्रेस के अंदरूनी विवादों को सामने ला रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। राठौड़ ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार जनसेवा और विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़  प्रदेश संगठन महामंत्री के रूप में अजेय कुमार का स्वागत करते हुए
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ प्रदेश संगठन महामंत्री के रूप में अजेय कुमार का स्वागत करते हुए
Previous
Next

Related Posts