Saturday, 06 June 2026

लुधियाना रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, वैष्णो देवी जा रही ट्रेन के दो कोच हुए अलग


लुधियाना रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, वैष्णो देवी जा रही ट्रेन के दो कोच  हुए अलग

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

पंजाब के लुधियाना रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब श्री माता वैष्णो देवी कटरा जा रही एक स्पेशल ट्रेन के स्लीपर कोच के पास अचानक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आवाज इतनी तेज थी कि यात्रियों में दहशत फैल गई और कई लोग तुरंत कोच से बाहर निकल आए। शुरुआती आशंकाओं के बीच सुरक्षा एजेंसियां और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन जांच में मामला तकनीकी खराबी का निकला।

जानकारी के अनुसार न्यू दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल ट्रेन (04081) करीब 1200 यात्रियों को लेकर नई दिल्ली से रवाना हुई थी। सुबह लगभग 8:47 बजे ट्रेन लुधियाना रेलवे स्टेशन पहुंची। स्टेशन से ट्रेन के रवाना होते ही दो कोचों को जोड़ने वाला कपलर अचानक टूट गया, जिससे एक डिब्बा दूसरे कोच से अलग हो गया। इसी दौरान तेज आवाज सुनाई दी, जिसे कई यात्रियों ने धमाका समझ लिया।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। पंजाब में ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी के मद्देनजर पहले से ही हाई अलर्ट लागू होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था और सतर्क कर दी गई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जांच की और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

लुधियाना के एडीसीपी समीर वर्मा ने जांच के बाद स्पष्ट किया कि यह किसी प्रकार का विस्फोट नहीं था। उन्होंने बताया कि ट्रेन के दो कोचों को जोड़ने वाला कपलर टूटने के कारण यह घटना हुई है। यह पूरी तरह तकनीकी खराबी से जुड़ा हादसा है और इसमें किसी तरह की साजिश या विस्फोट की बात सामने नहीं आई है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार राहत की बात यह रही कि हादसा स्टेशन से ट्रेन के धीरे-धीरे आगे बढ़ने के दौरान हुआ। यदि यही तकनीकी खराबी ट्रेन की हाईस्पीड यात्रा के दौरान होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है और रेलवे ने मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी है।

    Previous
    Next

    Related Posts