



भारतीय जनता पार्टी द्वारा राजस्थान से वरिष्ठ नेता एवं हरियाणा भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया को राज्यसभा प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद उनके समर्थकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन में खुशी का माहौल है। राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रहे डॉ. पूनिया को पार्टी द्वारा राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाए जाने पर विभिन्न जिलों में कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे उनके लंबे राजनीतिक अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा का सम्मान बताया।
अजमेर में पूर्व जिला उपाध्यक्ष भाजपा संजय खंडेलवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डॉ. पूनिया का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राजेश घाटे, चिराग चौधरी, अंकित गुर्जर, तिलक रावत, दीपक सिंह राठौड़, अमित जैन मकराना सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि डॉ. पूनिया ने संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है और राज्यसभा में उनका अनुभव राजस्थान की आवाज को मजबूती प्रदान करेगा।
डॉ. पूनिया को राज्यसभा प्रत्याशी घोषित किए जाने पर देशभर से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं। प्रोफेसर (डॉ.) रमेश कुमार रावत, कुलसचिव, सिक्किम प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, गंगटोक (सिक्किम), भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सुशील कटारा, किसान नेता रामकिशन खींचर सहित राजस्थान और हरियाणा भाजपा के अनेक पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने फोन, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि डॉ. सतीश पूनिया का राज्यसभा के लिए चयन संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और लंबे समय से किए गए कार्यों का परिणाम है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 में एक साक्षात्कार के दौरान डॉ. पूनिया ने कहा था कि उनका विश्वास पद या सत्ता के लिए संघर्ष करने में नहीं, बल्कि संगठन के लिए समर्पित होकर कार्य करने में है। उन्होंने यह भी आशा व्यक्त की थी कि पार्टी उनके कार्यों का मूल्यांकन कर भविष्य में उन्हें उचित सम्मान देगी। राजनीतिक हलकों में उनके राज्यसभा प्रत्याशी बनने को उसी विश्वास और समर्पण का प्रतिफल माना जा रहा है।