Saturday, 06 June 2026

कांग्रेस राज्यसभा उम्मीदवार बोले नीरज डांगी- राज्यसभा किसी की बपौती नहीं, हाईकमान ने काम के आधार पर दिया मौका


कांग्रेस राज्यसभा उम्मीदवार बोले नीरज डांगी- राज्यसभा किसी की बपौती नहीं, हाईकमान ने काम के आधार पर दिया मौका

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। कांग्रेस ने राजस्थान से राज्यसभा चुनाव के लिए एक बार फिर मौजूदा सांसद नीरज डांगी पर भरोसा जताते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया है। लगातार दूसरी बार राज्यसभा प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद नीरज डांगी ने कहा कि राज्यसभा किसी व्यक्ति विशेष की बपौती नहीं है, बल्कि पार्टी नेतृत्व योग्यता, कार्य और प्रदर्शन के आधार पर निर्णय करता है।

नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नीरज डांगी ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने पिछले छह वर्षों के उनके कार्यों और प्रदर्शन का मूल्यांकन कर उन्हें दोबारा अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के लिए किए गए कार्यों को नेतृत्व ने पहचान दी है और उसी का परिणाम है कि उन्हें पुनः उम्मीदवार बनाया गया है।

डांगी ने कहा कि कांग्रेस में अंतिम निर्णय हाईकमान करता है और पार्टी नेतृत्व जिस व्यक्ति को जिम्मेदारी देता है, उसे संगठन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से निभाया जाता है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की संभावित रणनीति पर प्रतिक्रिया देते हुए नीरज डांगी ने कहा कि यदि भाजपा दो सीटों से अधिक के लिए तीसरा उम्मीदवार मैदान में उतारती है तो उसे राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस विधायक दल पूरी तरह एकजुट है और क्रॉस वोटिंग की कोई संभावना नहीं है।

कांग्रेस में कथित खेमेबंदी और नामांकन के दौरान वरिष्ठ नेता सचिन पायलट की अनुपस्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर डांगी ने कहा कि पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं का उन्हें पूरा समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट किसी कारणवश कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उनका समर्थन पूरी तरह उनके साथ है।

नीरज डांगी ने कहा कि उनके राजनीतिक सफर में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन और सहयोग मिला है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, वरिष्ठ नेता भंवर जितेंद्र सिंह और सचिन पायलट का नाम लेते हुए कहा कि सभी नेताओं का समर्थन उन्हें पहले भी मिलता रहा है और आगे भी मिलता रहेगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन सामूहिक नेतृत्व की भावना के साथ कार्य कर रहा है। सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी को मजबूत करने तथा आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए मिलकर काम किया जाएगा।

डांगी ने विश्वास जताया कि कांग्रेस आगामी राजनीतिक चुनौतियों का मजबूती से सामना करेगी और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी नेता एकजुट होकर कार्य करेंगे।

Previous
Next

Related Posts