



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार दोपहर जयपुर स्थित सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की ओपीडी और वार्डों का दौरा कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की तथा मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री सबसे पहले हड्डी रोग विभाग की ओपीडी पहुंचे, जहां उन्होंने मरीजों की भीड़ के बीच उपचार व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर इलाज, जांच और दवा वितरण से संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। इसके बाद उन्होंने न्यूरोलॉजी और कार्डियोलॉजी विभाग की ओपीडी का भी दौरा किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग की ओपीडी में मरीजों के लिए आवश्यक जांच सुविधाएं और दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मरीज को जिस विभाग में इलाज के लिए भेजा जाए, उसी विभाग में उसकी आवश्यक जांच और सैंपल संग्रहण की सुविधा भी उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि उसे अनावश्यक रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान पर न भटकना पड़े।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी को धन्वंतरि ओपीडी में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए बैठने, छाया और पेयजल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में अस्पताल आने वाले लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि एसएमएस अस्पताल राजस्थान का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है, जहां प्रदेश के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि यहां आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें और किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य किए जा रहे हैं और पूरे अस्पताल परिसर में सेंट्रल एयर कंडीशनिंग (सेंट्रल एसी) सुविधा विकसित करने की दिशा में भी काम चल रहा है। इससे मरीजों, परिजनों और चिकित्सा कर्मियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान मरीजों से प्राप्त फीडबैक से यह महसूस हुआ है कि अस्पताल में अच्छा कार्य हो रहा है, लेकिन अभी भी सुधार की पर्याप्त संभावनाएं मौजूद हैं। सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुविधाजनक और जनहितकारी बनाना है।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग गायत्री राठौड़, एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी सहित अस्पताल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।