



नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे। जानकारी के अनुसार उनका विमान सुबह करीब 7:45 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरा। आगमन के बाद वे कुछ समय तक एयरपोर्ट परिसर के भीतर ही रहे और उनके बाहर नहीं आने के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई।
प्रारंभिक कार्यक्रम के अनुसार अभिजीत दीपके को एयरपोर्ट से सीधे पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाकर प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए आवश्यक अनुमति संबंधी औपचारिकताएं पूरी करनी थीं। हालांकि, बाद में सीजेपी की ओर से सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर दावा किया गया कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की अनुमति प्रदान कर दी है। इसके बाद पार्टी ने समर्थकों से सीधे जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की।
सीजेपी का यह पहला सार्वजनिक प्रदर्शन बताया जा रहा है। पार्टी ने प्रदर्शन का उद्देश्य NEET-UG पेपर लीक, CBSE, CUET तथा SSC-GD जैसी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग को बताया है।
पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी कर रही है। सीजेपी का आरोप है कि हाल के वर्षों में विभिन्न परीक्षाओं को लेकर उठे विवादों ने छात्रों और अभ्यर्थियों के बीच विश्वास का संकट पैदा किया है। पार्टी का कहना है कि परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
प्रदर्शन को लेकर पार्टी ने अपने समर्थकों के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इनमें शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से प्रदर्शन में भाग लेने की अपील की गई है। समर्थकों से धूप से बचाव के लिए सनस्क्रीन लगाने, घर से नाश्ता करके आने तथा अपने साथ तिरंगा, फूल और पुस्तकें लाने का अनुरोध किया गया है।
सीजेपी का कहना है कि प्रदर्शन का उद्देश्य छात्रों और युवाओं की आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक पहुंचाना है। पार्टी के अनुसार जंतर-मंतर पर होने वाला यह कार्यक्रम शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर जनजागरण का प्रयास होगा।
फिलहाल प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर नजर बनी हुई है। बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।