



टोंक। समाजसेवा और जनहित के कार्यों में अग्रणी रहे स्वर्गीय मनीष तोषनीवाल की स्मृति में उनके परिजनों ने शुक्रवार को राजकीय सआदत अस्पताल, टोंक को एक वाटर कूलर भेंट किया। अस्पताल प्रशासन ने इस पहल को मरीजों और उनके परिजनों के लिए उपयोगी बताते हुए परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रतीक सालोदिया ने बताया कि स्वर्गीय मनीष तोषनीवाल के परिजनों द्वारा अस्पताल को उपलब्ध कराया गया वाटर कूलर आईसीयू एवं रामाश्रय वार्ड के बीच स्थित गैलरी में स्थापित किया गया है। इसके शुरू होने से दोनों वार्डों में भर्ती मरीजों तथा उनके परिजनों को ठंडे पेयजल की सुविधा आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर स्थित इन वार्डों में भर्ती मरीजों के परिजनों को पहले ठंडा पानी लेने के लिए नीचे जाना पड़ता था, जिससे उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता था। अब वाटर कूलर लगने से उन्हें वार्ड के समीप ही शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा, जिससे विशेषकर गर्मी के मौसम में बड़ी राहत मिलेगी।
डॉ. सालोदिया ने बताया कि स्वर्गीय मनीष तोषनीवाल लंबे समय तक सआदत अस्पताल की मेडिकल रिलीफ सोसायटी के सदस्य रहे थे। वे अस्पताल प्रशासन और मरीजों के हितों से जुड़े कार्यों में हमेशा सक्रिय भूमिका निभाते थे तथा जरूरत पड़ने पर हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहते थे। उनके योगदान को अस्पताल परिवार आज भी सम्मान के साथ याद करता है।
उन्होंने यह भी बताया कि मनीष तोषनीवाल के परिजन पूर्व में भी अस्पताल को विभिन्न चिकित्सा संसाधन उपलब्ध करवा चुके हैं। उनकी ओर से समय-समय पर किए गए सहयोग से अस्पताल की सुविधाओं में वृद्धि हुई है, जिसका लाभ मरीजों को मिल रहा है।
इस अवसर पर उप नियंत्रक डॉ. चेतन जैन, डॉ. संदीप राजोतिया, नर्सिंग अधीक्षक सत्यनारायण शर्मा, मोहम्मद शाहिद, सुनीता सोयल, नर्सिंग ऑफिसर महेश कर्णावत, जितेंद्र जोशी, कमल, किरण सहित अस्पताल के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।