



टोंक। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टोंक इकाई ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल) के सहायक अभियंता नवनीत सिंह गुर्जर और एक कथित दलाल मोहम्मद शाजिम को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह ट्रैप कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में सहायक अभियंता नवनीत सिंह गुर्जर (44) तथा कम्प्यूटर ऑपरेटर मोहम्मद शाजिम (32) शामिल हैं।
मीटर लौटाने और कार्रवाई से बचाने के नाम पर मांगी रिश्वत
एसीबी को प्राप्त शिकायत के अनुसार 4 जून 2026 को विद्युत विभाग की टीम परिवादी के घर पहुंची थी। टीम ने बिजली मीटर की फोटो लेने के बाद मीटर को अपने कब्जे में ले लिया। आरोप है कि इसके बाद सहायक अभियंता नवनीत सिंह गुर्जर ने वीसीआर भरने की कार्रवाई की धमकी देते हुए मीटर वापस देने के एवज में 25 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी ने रिश्वत की मांग की पुष्टि की। बाद में बातचीत के दौरान राशि घटाकर 20 हजार रुपये करने पर सहमति बनी।
दलाल के माध्यम से ली रिश्वत
एसीबी के अनुसार ट्रैप कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता ने परिवादी को अपने कार्यालय में कार्यरत कम्प्यूटर ऑपरेटर मोहम्मद शाजिम को रिश्वत राशि देने के निर्देश दिए। परिवादी ने जैसे ही 20 हजार रुपये की राशि शाजिम को दी, उसने रकम गिनकर अपनी पैंट की जेब में रख ली।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रिश्वत राशि बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
यह कार्रवाई एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरवीजन में की गई। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमाला के निर्देशन में मामले की जांच जारी है।
एसीबी ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा आय से अधिक संपत्ति और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।