Friday, 05 June 2026

हिमाचल में अगले छह दिन बारिश के आसार, पांच जिलों में भारी ओलावृष्टि और तूफान का ऑरेंज अलर्ट


हिमाचल में अगले छह दिन बारिश के आसार, पांच जिलों में भारी ओलावृष्टि और तूफान का ऑरेंज अलर्ट

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों से पहले ही मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी शिमला सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार सुबह से मौसम खराब बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले छह दिनों तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।

मौसम विभाग ने कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में भारी ओलावृष्टि तथा तेज तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं चंबा, कांगड़ा और सोलन जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

सामान्य से अधिक हुई बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में बीते एक सप्ताह के दौरान सामान्य से लगभग 6 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। छह जून को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कुछ कमजोर पड़ सकता है, लेकिन ऊंचाई वाले और मध्यम पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में 10 जून तक मौसम सक्रिय बना रह सकता है।

ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात

पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई, जबकि लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। शिमला में 33 मिमी, बिझड़ी में 25 मिमी, खदराला में 7 मिमी, जोत में 5 मिमी, कोटखाई में 3.3 मिमी, भावानगर में 1.6 मिमी और मंडी में 0.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

तापमान में आई गिरावट

बारिश और बादलों के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री कम होकर 32.9 डिग्री सेल्सियस, कांगड़ा का 36.5 डिग्री, सोलन का 31.5 डिग्री तथा ऊना का 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों, विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों और पर्यटकों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

    Previous
    Next

    Related Posts