Friday, 05 June 2026

जयपुर में स्पा सेंटरों पर पुलिस का शिकंजा, छापेमारी में 14 लोग गिरफ्तार


जयपुर में स्पा सेंटरों पर पुलिस का शिकंजा, छापेमारी में 14 लोग गिरफ्तार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर में स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित हो रही संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को एयरपोर्ट थाना पुलिस और बजाज नगर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कई स्पा सेंटरों की जांच की। कार्रवाई के दौरान कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 5 महिलाएं भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार जयपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा हाल ही में जारी दिशा-निर्देशों की अवहेलना किए जाने की शिकायतों के बाद यह अभियान चलाया गया। जांच में कई स्पा सेंटरों में निर्धारित नियमों का पालन नहीं पाया गया।

होटल लॉगिन पार्क स्थित स्पा सेंटर पर छापा

एयरपोर्ट थाना पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ होटल लॉगिन पार्क स्थित एक स्पा सेंटर पर छापेमारी की। जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। पुलिस ने मौके से 5 महिलाओं सहित 8 लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों का कहना है कि स्पा सेंटर संचालक कमिश्नरेट की ओर से जारी गाइडलाइन की पालना नहीं कर रहे थे।

पुलिस ने बताया कि कार्रवाई से दो दिन पहले क्षेत्र के सभी स्पा सेंटर संचालकों को नई गाइडलाइन की जानकारी देकर नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी पाई गई।

बजाज नगर क्षेत्र में भी कार्रवाई

उधर, बजाज नगर थाना पुलिस ने अपने क्षेत्र में संचालित करीब 11 स्पा सेंटरों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो स्पा सेंटरों में अनियमितताएं मिलने पर छह युवकों को गिरफ्तार किया गया।

डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान होटल लॉगिन पार्क स्थित स्पा सेंटर सहित अन्य प्रतिष्ठानों में भी निर्धारित नियमों का उल्लंघन सामने आया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे प्रतिष्ठानों की नियमित जांच और निगरानी जारी रहेगी।

गाइडलाइन का पालन अनिवार्य

पुलिस अधिकारियों ने सभी स्पा और मसाज पार्लर संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे कमिश्नरेट द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें। गाइडलाइन के अनुसार पुरुष और महिला सेक्शन अलग-अलग होने चाहिए, ग्राहकों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाना चाहिए तथा सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य है।

इसके अलावा कर्मचारियों की आवश्यक योग्यता, हेल्पलाइन नंबर का प्रदर्शन, तथा बंद कमरों में सेवाएं नहीं देने जैसे प्रावधानों का पालन भी आवश्यक होगा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्पा सेंटरों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    Previous
    Next

    Related Posts