



जयपुर दक्षिण पुलिस ने सोडाला थाना क्षेत्र में हुई चर्चित चेन स्नैचिंग और लूट की वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंदिर से लौट रही बुजुर्ग महिला को सड़क पर पटककर महज 17 सेकंड में 4.23 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लूटने वाले आरोपी को मध्यप्रदेश के मुरैना जिले से गिरफ्तार किया है। साथ ही लूटे गए आभूषण खरीदने वाले दो ज्वेलर्स को भी हिरासत में लिया गया है।
डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान 21 वर्षीय अनिकेश रावत के रूप में हुई। आरोपी मूल रूप से मध्यप्रदेश के मुरैना जिले का निवासी है और जयपुर के सुशीलपुरा क्षेत्र में किराये पर रह रहा था।
मुरैना से हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम आरोपी की तलाश में मध्यप्रदेश के सबलगढ़ पहुंची। देर रात मिली सूचना के आधार पर उसके घर पर दबिश दी गई। पुलिस को देखकर आरोपी छत से कूदकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन गिरने से घायल हो गया। इसके बावजूद पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और जयपुर लाकर पूछताछ की, जिसमें उसने वारदात कबूल कर ली।
जुए और सट्टे के कर्ज ने बनाया अपराधी
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जयपुर में किराये पर रहकर क्षेत्र की रेकी करता था। इसी दौरान वह जुए और सट्टे की लत में पड़ गया, जिससे उस पर कर्ज बढ़ता गया। आर्थिक दबाव के चलते उसने अपनी मोटरसाइकिल तक गिरवी रख दी थी। कर्ज चुकाने के लिए उसने लूट की योजना बनाई।
आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह सुबह से सोडाला और सुशीलपुरा क्षेत्र में घूम रहा था। रास्ते में एक हनुमान मंदिर में करीब दो घंटे तक रुका और बाद में शिकार की तलाश में निकल पड़ा। इसी दौरान उसे अकेली बुजुर्ग महिला दिखाई दी, जिसे उसने निशाना बनाया।
गोपाल ज्वेलर्स में बेचे थे आभूषण
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने लूटे गए सोने के आभूषण मानसरोवर स्थित गोपाल ज्वेलर्स को बेच दिए थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो ज्वेलर्स को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश चंद्र गुप्ता (61) निवासी वीटी रोड, मानसरोवर तथा राजेंद्र अग्रवाल (63) निवासी हीरापथ, मानसरोवर के रूप में हुई है। पुलिस लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
पहले भी कर चुका है चेन स्नैचिंग
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अनिकेश रावत इससे पहले 24 अप्रैल को महेश नगर थाना क्षेत्र के रामनगर विस्तार में एक महिला से मकान पूछने के बहाने सोने की चेन लूट चुका है। उस मामले की जांच भी जारी है।
मंदिर से लौट रही महिला को बनाया था निशाना
घटना 2 जून की है, जब संतोष अग्रवाल दोपहर करीब 12:40 बजे मंदिर से अपने घर लौट रही थीं। श्याम सदन अपार्टमेंट, गुलाबी नगर, सोडाला के बाहर आरोपी काफी देर से उनका पीछा कर रहा था। मौका मिलते ही उसने पीछे से झपट्टा मारकर बुजुर्ग महिला को सड़क पर गिरा दिया और मारपीट करते हुए उनके कानों के टॉप्स तथा सोने की चेन लूटकर फरार हो गया। पूरी वारदात मात्र 17 सेकंड में अंजाम दी गई थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे अन्य वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।