Thursday, 04 June 2026

रोडवेज बसों की अनदेखी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, नेशनल हाईवे-116 पर दो घंटे तक चक्का जाम


रोडवेज बसों की अनदेखी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, नेशनल हाईवे-116 पर दो घंटे तक चक्का जाम

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

टोंक जिले के अलीगढ़ थाना क्षेत्र स्थित चौरू कस्बे में रोडवेज बसों के संचालन को लेकर लंबे समय से चली आ रही समस्या गुरुवार को बड़े जनआंदोलन में बदल गई। रोडवेज बसों के गांव के अंदर नहीं आने से नाराज ग्रामीणों ने टोंक-सवाई माधोपुर नेशनल हाईवे-116 पर चक्का जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

जनसेवक गणेश शर्मा और पंचायत समिति सदस्य फोरूलाल मीणा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और युवा धरना स्थल पर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि चौरू बस स्टैंड से रोडवेज बसों का नियमित संचालन शुरू कराने के लिए मुख्यमंत्री, स्थानीय विधायक, जिला प्रशासन तथा अन्य जनप्रतिनिधियों को कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने बताया कि 2 जून को भी एक दिवसीय धरना और अनशन कर प्रशासन को चेतावनी दी गई थी कि यदि दो दिनों के भीतर बसों का संचालन गांव से शुरू नहीं हुआ तो हाईवे जाम किया जाएगा। निर्धारित समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया।

प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बनी सहमति

हाईवे जाम की सूचना मिलते ही उनियारा पुलिस उपाधीक्षक आकांक्षा चौधरी, अलीगढ़ तहसीलदार धर्मेंद्र तसेरा तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और रोडवेज अधिकारियों से बातचीत की।

वार्ता के दौरान रोडवेज प्रशासन ने ग्रामीणों की मांगों को स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि टोंक-सवाई माधोपुर मार्ग पर संचालित बसों का संचालन चौरू बस स्टैंड से किया जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया और यातायात को बहाल किया गया।

अब चौरू बस स्टैंड से होगा नियमित संचालन

रोडवेज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अप्रैल माह में ही चालक और परिचालकों को चौरू बस स्टैंड से बसों का संचालन करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उनका पूर्ण पालन नहीं हो सका। अब इन आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाएगी और बसों का नियमित संचालन गांव से किया जाएगा।

एक साल से झेल रहे थे परेशानी

ग्रामीणों के अनुसार नेशनल हाईवे से चौरू गांव की दूरी मात्र तीन किलोमीटर है, लेकिन पिछले लगभग एक वर्ष से अधिकांश रोडवेज बसें गांव में प्रवेश किए बिना हाईवे से ही निकल जाती थीं। इससे विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से रात के समय आवागमन करना ग्रामीणों के लिए चुनौती बन गया था।

करीब दो घंटे तक चले जाम के बाद प्रशासन के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त हुआ और हाईवे पर यातायात सामान्य हो गया। इस दौरान अलीगढ़ और उनियारा थाना पुलिस का जाप्ता मौके पर तैनात रहा।

Previous
Next

Related Posts