



टोंक जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने राजमहल क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध देशी और अंग्रेजी शराब के साथ बिक्री की नकदी जब्त की है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मालपुरा पुष्पेन्द्र सिंह सोलंकी और वृत्ताधिकारी देवली हेमराज के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी रतन सिंह तंवर और जिला स्पेशल टीम के नेतृत्व में कस्बा राजमहल में अवैध शराब के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए।
केबिन से मिली भारी मात्रा में शराब, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने राजमहल कस्बे में देवली रोड स्थित एक केबिन पर कार्रवाई करते हुए बंशीलाल मीणा (38) निवासी राजमहल, थाना दूनी, जिला टोंक को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 14 बोतल बीयर, 26 कैन बीयर, 74 पव्वे देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा 2,860 रुपये की बिक्री राशि बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
दो अन्य स्थानों से भी बड़ी मात्रा में शराब जब्त
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने राजमहल स्थित संथली रोड पर एक दुकान से 63 बोतल बीयर, 56 कैन बीयर, 13 बोतल देशी और अंग्रेजी शराब, 36 हाफ बोतल तथा 333 पव्वे देशी और अंग्रेजी शराब के साथ 7,320 रुपये की बिक्री राशि जब्त की। दुकान संचालक मौके से फरार मिला, जिसके खिलाफ अज्ञात आरोपी के रूप में मामला दर्ज किया गया है।
इसी प्रकार बोटूंदा रोड स्थित एक दुकान पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 107 बोतल बीयर, 85 कैन बीयर, 13 बोतल देशी एवं अंग्रेजी शराब, 379 पव्वे देशी और अंग्रेजी शराब तथा 3,510 रुपये की बिक्री राशि जब्त की। इस मामले में भी अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री तथा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और फरार आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है