



भारतीय संस्कृति, मूल्यों और वैश्विक स्तर पर भारतीय प्रतिभाओं की उपलब्धियों का उत्सव बन चुके भारत गौरव अवार्ड्स का 13वां संस्करण 10 जून 2026 को ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न स्थित विक्टोरिया संसद भवन में आयोजित किया जाएगा। संस्कृति युवा संस्था द्वारा आयोजित यह समारोह विश्वभर में भारतीय समुदाय की उपलब्धियों और भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रतीक बनेगा।
संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा ने बताया कि भारत गौरव अवार्ड विश्वभर के भारतीयों के लिए सबसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मानों में से एक माना जाता है। यह सम्मान उन व्यक्तित्वों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, संस्कृति, अध्यात्म, समाजसेवा, उद्यमिता और मानव कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देकर वैश्विक स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया है।
इससे पहले भारत गौरव अवार्ड्स का आयोजन ब्रिटिश संसद (लंदन), फ्रांस की सीनेट, संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय (न्यूयॉर्क) तथा दुबई जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंचों पर किया जा चुका है। इस वर्ष 25 विशिष्ट भारतीय विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।
सम्मानित होने वाली प्रमुख हस्तियों में महाराष्ट्र की प्रथम महिला अमृता फडणवीस, पद्मश्री सम्मानित सद्गुरु ब्रह्मेशानंद आचार्य स्वामी, ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल की प्रथम सांसद कौशल्या वाघेला, उद्योगपति सनवर हर्षवाल, पद्मश्री सम्मानित शास्त्रीय गायिका डॉ. सोमा घोष, पद्मविभूषण एवं पद्मभूषण सम्मानित दिवंगत विज्ञापन विशेषज्ञ पीयूष पांडे, करौली शंकरदास जी महाराज, न्यूजीलैंड के सामुदायिक नेता नरेन्द्र भाना, दिल्ली पब्लिक स्कूल के चेयरमैन विवेक यादव, आयुर्वेद विशेषज्ञ रीटा सगरानी, अमेरिका के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक जैन, पर्यावरणविद् सहर भामला, उद्योगपति डॉ. जी. शनमुगा राजा, शिक्षाविद् प्रो. डॉ. निर्मला एस. मौर्य, अमेरिकी उद्योगपति रणधीर ठाकुर, राजयोगी बी.के. सूर्या भाईजी, योगाचार्य ढाकाराम, मल्टीकल्चरल क्रिकेट एम्बेसडर संजय शर्मा, स्वामी अद्वैतानंद गिरी, डॉ. रतन विर्क, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के पूर्व चेयरमैन डॉ. सेतुरत्नम रवि, स्वर्गीय निर्मल कुमार जैन सेठी, विरासत संरक्षण विशेषज्ञ राम सवानी, ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के प्रथम मेयर प्रदीप तिवारी तथा उद्योगपति प्रवीण शर्मा शामिल हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में मेहंदीपुर बालाजी धाम के अध्यक्ष महंत डॉ. नरेशपुरी जी महाराज, विक्टोरिया सरकार के पर्यावरण मंत्री स्टीव डिमोपोलोस, विक्टोरियन मल्टीकल्चरल कमीशन की अध्यक्ष विवियन गुयेन, विक्टोरियन सांसद मेंग हेंग टाक तथा महाकुंभ के मुख्य सलाहकार राकेश के. शुक्ला शामिल रहेंगे।
इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विश्वभर से आए भारतीय समुदाय एवं सम्मानित प्रतिभाओं को संबोधित करेंगे।