Thursday, 04 June 2026

जयपुर में 82 वर्षीय महिला ने 14वीं मंजिल से कूदकर दी जान, परिवार गया था अजमेर


जयपुर में 82 वर्षीय महिला ने 14वीं मंजिल से कूदकर दी जान, परिवार गया था अजमेर

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर के हरमाड़ा क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां 82 वर्षीय महिला ने बहुमंजिला अपार्टमेंट की 14वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान लक्ष्मी जैन (82) पत्नी रामचंद जैन के रूप में हुई है। वह हरमाड़ा स्थित सनसिटी के जयविलास अपार्टमेंट में अपनी बेटी और दामाद के साथ रहती थीं।

हरमाड़ा थाना प्रभारी उदय सिंह यादव ने बताया कि बुधवार को उनकी बेटी और दामाद किसी आवश्यक कार्य से अजमेर गए हुए थे। बुजुर्ग महिला की तबीयत ठीक नहीं रहती थी और उन्हें आंखों से भी कम दिखाई देता था। इसी कारण सुरक्षा की दृष्टि से परिजन उन्हें फ्लैट के अंदर छोड़कर बाहर से दरवाजा बंद कर गए थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिजनों की अनुपस्थिति में महिला ने अपार्टमेंट की 14वीं मंजिल से छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। घटना के संबंध में परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में महिला के लंबे समय से बीमार रहने और उम्रजनित समस्याओं की जानकारी सामने आई है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Previous
Next

Related Posts