



दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र में स्थित एक होटल-रेस्टोरेंट में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड में राजस्थान के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में अजमेर के वृद्ध दंपती और किशनगढ़ के एक प्रतिष्ठित मार्बल व्यवसायी शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दर्दनाक हादसे में अजमेर के निवासी जंवरी लाल और उनकी पत्नी कमला देवी की जान चली गई। वहीं किशनगढ़ के लक्ष्मी विहार निवासी 62 वर्षीय मार्बल व्यवसायी अशोक अग्रवाल की भी आग में झुलसने से मृत्यु हो गई।
परिजनों के अनुसार अशोक अग्रवाल अपने बुजुर्ग फूफा राधेश्याम अग्रवाल की तबीयत जानने के लिए दिल्ली गए थे। राधेश्याम अग्रवाल मालवीय नगर क्षेत्र के एक अस्पताल में भर्ती बताए जा रहे हैं। अशोक अग्रवाल अपने कुछ रिश्तेदारों और मित्रों के साथ दिल्ली पहुंचे थे और 2 जून को अस्पताल जाकर अपने फूफा से मुलाकात की थी।
बताया गया कि उन्होंने अपने साथ आए रिश्तेदारों और परिचितों को वापस भेज दिया था तथा स्वयं मालवीय नगर स्थित होटल में पहले से बुक किए गए कमरे में ठहर गए। बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे होटल-रेस्टोरेंट परिसर में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग तेजी से फैलने के कारण कई लोग इसकी चपेट में आ गए और अशोक अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार इस अग्निकांड में करीब 21 लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। मृतकों में दिल्ली के एक ही परिवार के कई सदस्य, अजमेर के एक वृद्ध दंपती और किशनगढ़ के व्यवसायी अशोक अग्रवाल शामिल बताए जा रहे हैं।
अशोक अग्रवाल की मृत्यु की सूचना मिलते ही किशनगढ़ में शोक का माहौल बन गया। व्यापारिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उनके सम्मान में शहर में स्थित उनकी पंसारी की दुकान भी बंद रखी गई। परिवार में उनकी पत्नी सरोज देवी, दो पुत्र, पुत्रवधुएं और पौत्र-पौत्रियां हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों से छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लंबे समय तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद आग पर काबू पाया गया।
दमकल विभाग, पुलिस और अन्य राहत एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाकर 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।