Tuesday, 02 June 2026

हुक्का बार पर छापे के दौरान हंगामा, एएसआई निलंबित, बेटे के कैफे पर चल रही थी अवैध गतिविधि


हुक्का बार पर छापे के दौरान हंगामा, एएसआई निलंबित, बेटे के कैफे पर चल रही थी अवैध गतिविधि

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अजमेर में अवैध हुक्का बारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक पुलिस अधिकारी का आचरण विवादों में आ गया। गंज थाना पुलिस द्वारा हुक्का बार पर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस लाइन में तैनात एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) ने कथित रूप से कार्रवाई का विरोध किया और हंगामा खड़ा कर दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात वृत्ताधिकारी (दरगाह) लक्ष्मणराम चौधरी के नेतृत्व में गंज थाना पुलिस ने बोराज रोड स्थित धानुका गार्डन के पास संचालित सीएनसी कैफे पर दबिश दी। पुलिस को मौके पर कई युवक हुक्का पीते हुए मिले। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार हुक्के, चार चिलम तथा अन्य संबंधित सामग्री जब्त की।

पुलिस जांच में सामने आया कि कैफे में मौजूद 19 वर्षीय जतिन जाखड़ बिना किसी वैध लाइसेंस के ग्राहकों को फ्लेवर्ड हुक्के उपलब्ध करा रहा था। इसके बाद पुलिस ने राजस्थान धूम्रपान प्रतिषेध एवं अधूम्रपायी व्यक्तियों के स्वास्थ्य संरक्षण अधिनियम-2000 की धारा 9/11 के तहत मामला दर्ज किया तथा 10 लोगों के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान कैफे संचालक जतिन जाखड़ का पिता और अजमेर पुलिस लाइन में तैनात एएसआई अनिल जाखड़ भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस के अनुसार उसने कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा किया और पुलिसकर्मियों के साथ सहयोग नहीं किया। काफी समझाइश के बावजूद जब वह नहीं माना तो पुलिस ने उसे शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। बाद में पुलिस ने अनिल जाखड़ और उसके बेटे को एडीएम सिटी कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जमानत मिल गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने एएसआई अनिल जाखड़ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। अधिकारियों का मानना है कि प्रथम दृष्टया उनका आचरण पुलिस सेवा की गरिमा के अनुरूप नहीं था। पूरे प्रकरण की विभागीय जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ को सौंपी गई है।

इस बीच मंगलवार को एडीएम सिटी कोर्ट में पेशी के दौरान भी एएसआई अनिल जाखड़ का व्यवहार चर्चा का विषय बना रहा। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार उन्होंने फोटोग्राफरों से कहा कि उनकी तस्वीर “लॉरेंस बिश्नोई की तरह” आनी चाहिए। इतना ही नहीं, पुलिस वाहन तक ले जाते समय वह पुलिसकर्मियों के कंधे पर हाथ रखकर चलते हुए भी दिखाई दिए। उनके इस व्यवहार को लेकर पुलिस महकमे में भी चर्चाएं होती रहीं।

पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने कहा कि गंज थाना पुलिस ने हुक्का बार पर कार्रवाई करते हुए संचालक सहित 10 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। वहीं एएसआई द्वारा किए गए कृत्य को गंभीर मानते हुए उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Previous
Next

Related Posts