



देवप्रयाग। उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में राजस्थान के जैसलमेर निवासी तीन पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग लापता हो गए। हादसे में एक बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना देवप्रयाग क्षेत्र के साकनीधार स्थित गंगा दर्शन होटल के पास हुई, जहां पर्यटकों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए अलकनंदा नदी में समा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जैसलमेर से उत्तराखंड घूमने आए आठ लोग एक कार में सवार होकर हरिद्वार की ओर जा रहे थे। मंगलवार सुबह देवप्रयाग के निकट अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरकर सीधे अलकनंदा नदी में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन नदी के तेज बहाव में पूरी तरह डूब गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे राहत एवं बचाव दल ने नदी से तीन शव बरामद किए। मृतकों की पहचान जैसलमेर के दरिया नाथ बावड़ी निवासी कमला, अखिलेश और दिनेश के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल आयुष्मान को पहले श्रीनगर बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बाद में ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार गुड्डी देवी, जाह्ववी, नंबरदार और एक अन्य व्यक्ति अभी लापता हैं। आशंका जताई जा रही है कि वे नदी के तेज बहाव में बह गए हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए विशेष खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। गोताखोरों और बचाव दल की टीमें नदी के विभिन्न हिस्सों में लगातार सर्च ऑपरेशन कर रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की व्यासी, श्रीनगर और ढालवाला इकाइयों की तीन टीमें घटनास्थल पर तैनात हैं। अधिकारियों के अनुसार गहरी खाई, दुर्गम क्षेत्र और नदी का तेज बहाव बचाव कार्य में बड़ी चुनौती बना हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन तेज गति में था, जिसके चलते चालक संतुलन खो बैठा और वाहन खाई में जा गिरा। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि लापता लोगों की तलाश पूरी होने तक बचाव अभियान लगातार जारी रहेगा और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।