Tuesday, 02 June 2026

जयपुर में हुक्का बार और स्पा सेंटरों पर पुलिस की करवाई, 9 लोग गिरफ्तार


जयपुर में हुक्का बार और स्पा सेंटरों पर पुलिस की करवाई, 9 लोग गिरफ्तार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की साउथ जिला पुलिस ने शहर में अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए हुक्का बार और संदिग्ध स्पा सेंटरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत अशोक नगर, महेश नगर और सोडाला थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने हुक्का बार से बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की है, जबकि स्पा सेंटरों में संदिग्ध गतिविधियों की जांच जारी है।

डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि अशोक नगर थाना पुलिस ने अशोक मार्ग स्थित ब्लूज कैफे एंड रेस्टोरेंट पर छापेमारी की। जांच के दौरान वहां ग्राहकों को अवैध रूप से हुक्का परोसा जाता पाया गया। पुलिस ने मौके से संचालक तरुण शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही हुक्का पीते हुए मिले सात लोगों के चालान कर कुल 14 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सात हुक्के, चिलम, पाइप और बड़ी मात्रा में हुक्का फ्लेवर जब्त किए। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुक्का परोसना और उससे संबंधित गतिविधियां नियमानुसार प्रतिबंधित हैं, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।

इसी अभियान के तहत महेश नगर थाना क्षेत्र में न्यू सांगानेर रोड स्थित इन्फिनिटी स्पा एंड मसाज पार्लर की जांच की गई। पुलिस को वहां संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और संबंधित तथ्यों को खंगाला जा रहा है।

वहीं सोडाला थाना पुलिस ने अजमेर रोड स्थित वाइल्डस्टोन स्पा सेंटर पर भी छापा मारा। पुलिस ने यहां कथित संदिग्ध और अनैतिक गतिविधियों के आरोप में चार लोगों को हिरासत में लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और संबंधित विभागों को भी रिपोर्ट भेजी गई है।

डीसीपी साउथ ने कहा कि जयपुर में अवैध हुक्का बारों, संदिग्ध स्पा सेंटरों तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

Previous
Next

Related Posts