Tuesday, 02 June 2026

उत्तराखण्ड पंचायती राज एवं आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक से मिले विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, दोनों राज्यों के मुद्दों और नवाचारों पर हुई चर्चा


उत्तराखण्ड पंचायती राज एवं आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक से मिले विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, दोनों राज्यों के मुद्दों और नवाचारों पर हुई चर्चा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

देहरादून। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी अपनी पांच दिवसीय उत्तराखण्ड यात्रा के दौरान मंगलवार को देहरादून पहुंचे, जहां उत्तराखण्ड विधानसभा पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उत्तराखण्ड सरकार में पंचायती राज एवं आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा पारंपरिक शिरोवस्त्र और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।

इस अवसर पर मदन कौशिक ने कहा कि पारंपरिक शिरोवस्त्र उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकजीवन और गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक है। स्वागत समारोह के दौरान दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई।

बैठक में राजस्थान और उत्तराखण्ड से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक एवं विकासात्मक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही राजस्थान विधानसभा में जनहित और संसदीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए किए जा रहे नवाचारों एवं सुधारात्मक प्रयासों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। देवनानी ने राजस्थान विधानसभा में अपनाई जा रही विभिन्न आधुनिक व्यवस्थाओं और नवाचारों की जानकारी साझा की, जिसमें संसदीय कार्यों के डिजिटलीकरण और जनभागीदारी बढ़ाने से जुड़े प्रयास भी शामिल रहे।

इससे पूर्व मंगलवार सुबह वासुदेव देवनानी उत्तराखण्ड की पांच दिवसीय यात्रा के लिए जयपुर से रवाना हुए। प्रस्थान से पहले सिविल लाइंस स्थित उनके राजकीय निवास पर विधानसभा अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया तथा यात्रा की सफलता और मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक के.के. शर्मा, उप सचिव सुनील अग्रवाल, योगेश त्रिपाठी, प्रमोद शर्मा, उप निदेशक (जनसंपर्क) डॉ. लोकेश चन्द्र शर्मा, मार्शल विक्रम सिंह शेखावत, प्रोटोकॉल अधिकारी दिनेश कुमार शर्मा, परामर्शदाता नरेश जैन, पंकज माथुर, मनीष सैनी तथा रोहिताश पारीक सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

उत्तराखण्ड प्रवास के दौरान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी चार धाम यात्रा भी करेंगे। इस यात्रा के दौरान वे प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति तथा निरंतर विकास की कामना करेंगे। साथ ही उत्तराखण्ड के विभिन्न संवैधानिक पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से भी उनकी मुलाकात का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

Previous
Next

Related Posts