



जयपुर। राजस्थान पुलिस ने अपराधियों, असामाजिक तत्वों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सोमवार को प्रदेशव्यापी 'मेगा नाकाबंदी अभियान' चलाकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर संचालित इस विशेष अभियान के दौरान प्रदेशभर में 1103 नाकाबंदी पॉइंट स्थापित किए गए, जहां 74 हजार से अधिक वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान 15 हजार से अधिक चालान काटे गए, 226 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा लाखों रुपये की नकदी, अवैध हथियार और मादक पदार्थ बरामद किए गए।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (लॉ एंड ऑर्डर) वीके सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 39,984 दुपहिया और 34,888 चौपहिया वाहनों सहित कुल 74,872 वाहनों की जांच की। राज्यभर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई एक साथ सभी रेंज और पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्रों में की गई।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कुल 15,083 चालान जारी किए। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 3,234 चालकों, बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने वाले 1,648 चालकों, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने वाले 184 लोगों, नंबर प्लेट नियमों का उल्लंघन करने वाले 1,653 वाहन चालकों तथा काली फिल्म लगे वाहनों के 1,643 मामलों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा अन्य श्रेणियों में 6,433 चालान किए गए। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 385 चालकों पर भी कानूनी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने अपराध नियंत्रण के मोर्चे पर भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की। विभिन्न कानूनों के तहत 73 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें आबकारी अधिनियम के 30, आर्म्स एक्ट के 4, एनडीपीएस एक्ट के 2 और अन्य विशेष एवं स्थानीय कानूनों के 37 मामले शामिल हैं। इन मामलों में 63 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर 163 व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएस) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया।
नाकाबंदी के दौरान कई महत्वपूर्ण बरामदगियां भी सामने आईं। जयपुर रेंज में पांच वाहन और 25.50 लाख रुपये की नकदी जब्त की गई। भरतपुर रेंज में अवैध रेत परिवहन में प्रयुक्त ट्रैक्टर और बड़ी मात्रा में देशी शराब पकड़ी गई। कोटा रेंज में अवैध शराब, डोडा चूरा, वाहन तथा स्पीकर-एम्प्लीफायर जब्त किए गए। वहीं बीकानेर रेंज में अवैध शराब और वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई।
रेंजवार प्रदर्शन में जयपुर रेंज सबसे आगे रही, जहां 2,492 चालान जारी किए गए। इसके बाद अजमेर रेंज में 2,229, भरतपुर में 2,145, उदयपुर में 2,051, कोटा में 1,796, बीकानेर में 1,572 तथा जोधपुर रेंज में 1,470 चालान किए गए। वहीं जयपुर और जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्रों में क्रमशः 990 और 338 चालान दर्ज किए गए।
वाहनों की जांच के मामले में भी जयपुर रेंज ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया, जहां 13,589 वाहनों की जांच की गई। उदयपुर रेंज में 12,234, अजमेर में 10,205, भरतपुर में 9,081 और जोधपुर रेंज में 8,079 वाहनों की जांच की गई। राजस्थान पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।