



टोंक। जिले के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के नेतृत्व में टोंक पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पदभार संभालने के बाद से ही रोशन मीना ने अपराध नियंत्रण, साइबर अपराधों की रोकथाम और अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। लगातार हो रही कार्रवाईयों के कारण अपराधियों में भय का माहौल बना है, वहीं आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।
साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टोंक पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के अवैध संकलन और हस्तांतरण में संलिप्त था। पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मालपुरा पुष्पेंद्र सिंह तथा वृत्ताधिकारी देवली हेमराज के सुपरविजन में देवली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और दो कारें भी जब्त की गईं। जांच के दौरान एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों में आरोपियों के बैंक खातों में करीब 6.42 लाख रुपये की साइबर ठगी की राशि प्राप्त होने की जानकारी सामने आई है।
इसी क्रम में उनियारा थाना पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ एक अन्य महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी कमीशन के आधार पर अपने बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगों को उपलब्ध करवा रहा था। आरोपी के खिलाफ साइबर अपराध से जुड़े मामलों में जांच जारी है और उससे पूछताछ कर अन्य नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
अवैध शराब के कारोबार पर भी टोंक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अलीगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने देशी और अंग्रेजी शराब के कुल 944 अवैध पव्वे, 272 बीयर कैन, 30 शराब की बोतलें तथा विभिन्न ब्रांडों के 67 अद्दे जब्त किए। इसके अलावा अवैध शराब के भंडारण में उपयोग किए जा रहे एक फ्रीजर को भी जब्त किया गया।
वहीं उनियारा थाना क्षेत्र के झुंडवा गांव में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में अवैध रूप से संग्रहीत शराब का विशाल जखीरा बरामद किया। पुलिस ने मौके से 55 पेटी देशी शराब, 8 पेटी बीयर, विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब की पेटियां तथा बड़ी संख्या में पव्वे और हाफ बोतलें जब्त कीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह शराब अवैध बिक्री के उद्देश्य से संग्रहित की गई थी।
पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के नेतृत्व में की जा रही इन लगातार कार्रवाईयों को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। साइबर अपराध, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ चल रहे अभियानों से अपराधियों में खौफ और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।